
मुंबई, दिव्यराष्ट्र:/ अनिल अग्रवाल फाउंडेशन की प्रमुख पशु कल्याण पहल टेको (दा एनिमल केयर ऑर्गेनाइजेशन) ने राजस्थान सरकार के साथ सरिस्का टाइगर रिजर्व में अग्निवेश अग्रवाल नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर स्थापित करने के लिए एक (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह अपनी तरह का पहला प्रौद्योगिकी-सक्षम केंद्र होगा, जिसका उद्देश्य जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण और पारिस्थितिकीय स्थिरता के प्रति लोगों की समझ को गहरा करने के लिए आकर्षक और सहभागितापूर्ण अनुभव प्रदान करना है।
एक शैक्षिक एवं जन-सहभागिता केंद्र के रूप में विकसित की जा रही यह पहल भारत के प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्रों के प्रति जागरूकता और संरक्षण की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास करेगी।
इस सहयोग को राजस्थान सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री संजय शर्मा, की उपस्थिति में तथा वन विभाग के अधिकारियों के साथ औपचारिक रूप दिया गया।
इस पहल के अंतर्गत रणथंभौर टाइगर रिजर्व में निगरानी वाहनों को भी रवाना किया गया, जिससे जमीनी स्तर पर संरक्षण प्रयासों को और मजबूत किया जा सके तथा वन्यजीव संरक्षण में जुटे अग्रिम पंक्ति के वनकर्मियों को सहयोग मिल सके।
इस अवसर पर प्रिया अग्रवाल हेब्बार, चेयरपर्सन, हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड तथा नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, वेदांता लिमिटेड ने कहा:
“संरक्षण का मूल आधार सह-अस्तित्व है, जो शिक्षा, समुदाय और साझा जिम्मेदारी पर आधारित है। इस पहल के माध्यम से हम ऐसे अनुभवों का निर्माण करना चाहते हैं जो लोगों को हमारी पारिस्थितिक प्रणालियों को बेहतर ढंग से समझने और आने वाली पीढ़ियों के लिए उनकी रक्षा करने के लिए प्रेरित करें।”
उन्होंने इस पहल के व्यक्तिगत महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इस केंद्र का नाम उनके दिवंगत भाई अग्निवेश अग्रवाल की स्मृति में रखा गया है, जिनके साथ उनका प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति गहरा लगाव था।
यह पहल टेको की भारत भर में संरक्षण, पारिस्थितिकीय जागरूकता और सतत सामुदायिक सहभागिता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।




