
इंटीग्रेटेड क्रिकेट ट्रेनिंग प्रोग्राम की शुरुआत
जयपुर, दिव्यराष्ट्र/ अब छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ क्रिकेट में भी बेहतर करियर बनाने का मौका मिलेगा। धारव हाई स्कूल, अजमेर रोड, जयपुर ने डीके स्पोर्ट्स एकेडमी (क्रिकेट अकादमी ऑफ पठान्स) के साथ एक समझौता (एमओयू) किया है। इस पहल का उद्देश्य हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के लिए एक ऐसा खास प्रोग्राम शुरू करना है, जिसमें वे पढ़ाई के साथ प्रोफेशनल क्रिकेट ट्रेनिंग भी ले सकें। इस इंटीग्रेटेड क्रिकेट एक्सीलेंस प्रोग्राम के तहत छात्रों को एक ही जगह पर स्कूल की पढ़ाई, रहने-खाने की सुविधा और क्रिकेट की उच्च स्तर की कोचिंग मिलेगी। इससे छात्रों को अलग-अलग जगह भटकने की जरूरत नहीं होगी और वे अपने समय का बेहतर उपयोग कर पाएंगे।
धराव हाई स्कूल की डायरेक्टर, अदिति मिश्रा, ने इस समझौते पर खुशी जताते हुए बताया कि, “धारव हाई स्कूल में हमारा मानना है कि शिक्षा केवल अकादमिक तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हर बच्चे को अपनी पूरी क्षमता को तलाशने का अवसर मिलना चाहिए। खेल छात्रों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीमवर्क और धैर्य विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। डीके स्पोर्ट्स अकादमी के साथ हमारा यह सहयोग इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे छात्रों को शिक्षा और क्रिकेट दोनों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए एक संतुलित मंच मिलेगा। हम इसे प्रतिभा को संरचित और भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में एक सार्थक पहल मानते हैं।”
समझौते के अनुसार, धारव हाई स्कूल छात्रों को अकादमिक शिक्षा के साथ हॉस्टल सुविधा, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। वहीं डीके स्पोर्ट्स अकादमी ‘क्रिकेट अकादमी ऑफ पठान्स’ के तहत अनुभवी कोचों द्वारा पेशेवर क्रिकेट प्रशिक्षण प्रदान करेगी। इस प्रशिक्षण में तकनीकी कौशल, फिटनेस और मैच प्रैक्टिस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। छात्रों की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियां भी स्पष्ट रूप से तय की गई हैं। स्कूल परिसर और हॉस्टल में छात्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्कूल की होगी, जबकि क्रिकेट प्रशिक्षण, मैच या यात्रा के दौरान किसी भी घटना के लिए डीके स्पोर्ट्स अकादमी जिम्मेदार होगी।
धारव हाई स्कूल, अजमेर रोड की प्रिंसिपल निशि धंजल ने कहा कि, “हमारा हमेशा से प्रयास रहा है कि बच्चों को केवल किताबों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएं। डीके स्पोर्ट्स अकादमी के साथ यह साझेदारी उसी दिशा में एक बड़ा कदम है। इस कार्यक्रम के माध्यम से हमारे हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ पेशेवर क्रिकेट प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे वे अकादमिक और खेल के बीच संतुलन बना सकेंगे। हमें विश्वास है कि यह पहल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगी और उनके करियर को सही दिशा देगी।”
यह पहल उन छात्रों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी, जो कम उम्र से ही क्रिकेट में करियर बनाना चाहते हैं और साथ ही अपनी पढ़ाई भी जारी रखना चाहते हैं। खेल और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाना अक्सर चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन इस तरह के इंटीग्रेटेड प्रोग्राम दोनों क्षेत्रों में एक साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। यह छात्रों को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पेशेवर क्रिकेट प्रशिक्षण उपलब्ध कराता है, जिससे समय की बचत होती है और वे बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं। साथ ही, यह कार्यक्रम उनके शारीरिक और मानसिक विकास में भी सहायक होगा और उन्हें अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेगा।





