
अनंत अंबानी के जन्मदिन पर हाथियों और महावतों के लिए उमड़ा प्रेम
जयपुर, दिव्यराष्ट्र/ गुलाबी नगरी के प्रसिद्ध हाथी गाँव में गुरूवार को एक अलग ही रौनक देखने को मिली। अवसर था रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और जाने-माने पशु प्रेमी अनंत अंबानी का जन्मदिन, जिसे बेहद संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ मनाया गया। जहाँ आमतौर पर जन्मदिन के आयोजनों में भव्य पार्टियां होती हैं, वहीं यहाँ का नज़ारा ‘पशु सेवा ही ईश्वर सेवा’ के संदेश को चरितार्थ कर रहा था।
*3000 किलो का भव्य फ्रूट बुफे**
इस विशेष कार्यक्रम में 76 हाथियों के लिए एक विशाल ‘गज-भोज’ का आयोजन किया गया। हाथियों को पारंपरिक रूप से सजाया गया था और उनके सामने उनकी पसंद के 3000 किलो ताजे और पौष्टिक फलों का अंबार लगा दिया गया। गन्ने, केले और मौसमी फलों का लुत्फ उठाते इन गजराजों की खुशी देखते ही बन रही थी।
*महावतों का सम्मान और सशक्तिकरण**
यह उत्सव केवल हाथियों तक सीमित नहीं था, बल्कि उनकी दिन-रात सेवा करने वाले महावतों के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया। प्रत्येक महावत को एक विशेष किट प्रदान की गई, जिसमें जूते, पानी की बोतल, गमछा और साइड बैग जैसी दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल थीं। महावतों के परिवारों की सुख-सुविधा का ध्यान रखते हुए उन्हें पौष्टिक राशन भी वितरित किया गया। इस आयोजन के उपलक्ष में दिन भर हाथियों की विशेष साफ-सफाई और मालिश की गई, जिससे पशुओं के प्रति मानवीय संवेदनशीलता का एक अनूठा उदाहरण पेश हुआ।





