
– उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी को सामाजिक एवं सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में मिली उपाधि
*जयपुर, दिव्यराष्ट्र**। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी को राजस्थान के राज्यपाल, हरिभाऊ किसनराव बागड़े द्वारा सामाजिक एवं सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में डी.लिट्. (मानद) उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें आईआईएस. (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), जयपुर द्वारा विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में प्रदान किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल, हरिभाऊ किसनराव बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, दिया कुमारी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रहीं।
उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी को यह तीसरी मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। इससे पूर्व, उन्हें एमिटी यूनिवर्सिटी और निम्स यूनिवर्सिटी से भी इस उपाधि से सम्मानित किया जा चुका है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की और इस सम्मान के लिए राज्यपाल और विश्वविद्यालय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “इस मंच के माध्यम से मैं आज उन सभी विद्यार्थियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं, जो आज अपनी डिग्री प्राप्त करके अपने नए भविष्य की ओर कदम बढ़ाने जा रहे हैं। शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला होती है। यह केवल ज्ञान ही नहीं देती, बल्कि व्यक्तित्व का विकास करती है, सोच को व्यापक बनाती है और हमें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देती है। विशेष रूप से बालिका शिक्षा का महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि जब एक बेटी शिक्षित होती है तो वह पूरे परिवार और समाज के विकास में योगदान देती है।”
इस दौरान उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विश्वविद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. अशोक गुप्ता को याद किया और कहा कि “डॉ. अशोक गुप्ता ने 31 वर्ष पूर्व इस शिक्षा के मंदिर की मजबूत नींव रखी थी। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य के शिक्षा क्षेत्र को नए आयाम प्राप्त हुए। शिक्षा के प्रति उनका समर्पण और योगदान हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।”
समारोह में आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस सहित विभिन्न क्षेत्रों में पीएचडी, स्नातक तथा स्नातकोत्तर की डिग्रियां कुल 3450 विद्यार्थियों को प्रदान की गईं। साथ ही विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी वर्षों की मेहनत और उपलब्धियों का उत्सव मनाया।
पूर्व में विश्वविद्यालय के चांसलर श्री अमित गुप्ता ने स्वागत संबोधन देते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके पश्चात वाइस चांसलर प्रोफेसर टी. एन. माथुर ने विश्वविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों और गतिविधियों पर प्रकाश डाला। अंत में प्रो चांसलर श्री सुमित गुप्ता के धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम में प्रो वाइस चांसलर एवं रजिस्ट्रार डॉ. राखी गुप्ता सहित विश्वविद्यालय की एग्जीक्यूटिव और अकेडमिक काउंसिल के सदस्य भी उपस्थित रहे।




