
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ विश्व ब्राह्मण सभा ट्रस्ट का राष्ट्रीय अधिवेशन शनिवार को पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान के सभागार में शुरू हुआ। अधिवेशन का शुभारंभ सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एचसी गणेशिया, कदंब डूंगरी की व्यवस्थापक सुनंदिनी दीदी, अवधेशाचार्य महाराज के संत प्रतिनिधि, राष्ट्रीय अध्यक्ष देवनारायण जैमन, महासचिव महेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष बृजेश शर्मा व नगर अध्यक्ष रघु शर्मा ने किया।
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता गणेशिया ने इस मौके पर कहा कि देश और दुनिया में आज भी ब्राह्मण समाज हर क्षेत्र में शीर्ष पर है। जरूरत इस बात की है कि वर्तमान सामाजिक परिवेश में ब्राह्मणों को अपनी ज्ञान परंपरा और संस्कृति को बनाए रखना होगा। हमें बच्चों को अच्छे संस्कार देने होंगे।
अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में वक्ताओं ने संगठन का परिचय और उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। संचालन नगर महासचिव महेंद्र शर्मा ने किया। आरंभ में अतिथियों का माला व दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। पं.लोकेश शर्मा ने संस्कृत ने मंगलाचरण व संगठन के उद्देश्य बताए। ज्योतिषाचार्य पंडित उमेश उपाध्याय ने जब मंगलाचरण किया तो पूरा माहौल मंत्रों से गूंज उठा। राष्ट्रीय महासचिव महेश शर्मा ने अधिवेशन के औचित्य पर प्रकाश डाला।अधिवेशन में पहले दिन युवा करियर मार्गदर्शन सत्र, बिजनेस नेटवर्किंग सत्र, उद्यमिता सत्र, भारतीय संस्कार परंपरा एवं कुटुंब प्रबंधन व संयुक्त परिवार पर विभिन्न विषय विशेषज्ञ व विद्वानों ने मंथन किया। विश्व ब्राह्मण सभा ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित देवनारायण जैमन ने कहा कि ब्राह्मण सदैव सनातन का साक्षी रहा है और समाज का मार्गदर्शन करता रहा है। समाज के संरक्षक के नाते ब्राह्मण समाज ने अतुलनीय त्याग किया है। ब्राह्मण समाज को अपनी महत्वता बनाए रखने के लिए अपनी ज्ञान परंपरा और समाज का नेतृत्व करने की क्षमता को बनाए रखना होगा। समाज को अच्छे संस्कार देने होंगे। सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर के पीठाधीश्वर अवधेशाचार्य के शिष्य पंडित गोपाल जी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी नितिन जर्मन सहित ब्राह्मण समाज के अनेक प्रमुख वक्ताओं ने समाज की चिताओं से सबको अवगत कराया और ब्राह्मण समाज को आगे ले जाने और नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करने का आह्वान किया। राष्ट्रीय महामंत्री पंडित महेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष पंडित बृजेश शर्मा तथा जयपुर महानगर के जिला अध्यक्ष पंडित रघु शर्मा ने भी समाज की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से ब्रह्म बंधुओं के साथ चर्चा की। अधिवेशन का समापन रविवार को होगा। अधिवेशन में वरिष्ठ अधिवक्ता बाबूलाल शर्मा,पं राधेश्याम शर्मा, मोहनलाल शर्मा, ओमप्रकाश प्रधान, महेश जैमिनी, अरविंद जैमन, मदनलाल शर्मा, गौरीशंकर शर्मा, पूरण लखपति, मोहनलाल तिवाड़ी, डा राकेश चौबे सहित सैकड़ों प्रतिनिधि मौजूद थे।




