दिव्यराष्ट्र, मुंबई: भारत में आगामी क्रिकेट सीजन से घरेलू पर्यटन में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिल रही है। एयरबीएनबी का नया डाटा दिखाता है कि मैच आयोजित करने वाले मेजबान शहरों के लिए सालाना आधार पर सर्चिंग और बुकिंग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। विशेष रूप से मेट्रो शहरों से इतर शहरों को लेकर यह ट्रेंड दिख रहा है।
भारत एवं साउथईस्ट एशिया में एयरबीएनबी के कंट्री हेड अमनप्रीत सिंह बजाज ने कहा, ‘क्रिकेट ने लंबे समय से देश को एकजुट किया है। अब हम उसी उत्साह को पर्यटन में बदलते देख रहे हैं। अब प्रशंसक खेल के आसपास अपनी ट्रिप प्लान कर रहे हैं। अब ये पल स्टेडियम से आगे तक जा रहे हैं। लोग अपने ठहरने के दिन बढ़ा रहे हैं, दोस्तों और परिवार वालों के साथ यात्रा कर रहे हैं और उस शहर को ज्यादा गहराई से देख रहे हैं। एयरबीएनबी में हम इस बदलाव को स्पष्ट तौर पर देख रहे हैं। पर्यटक ऐसे घरों को चुन रहे हैं, जहां उन्हें साथ रहने का विकल्प मिले, आसपास की जगहों को ज्यादा सही से देखने का मौका मिले और मैच का दिन यादगार बन सके। यह इस बात का शक्तिशाली उदाहरण है कि कैसे संस्कृतियां पर्यटन को आकार देती हैं और स्थानीय लोगों के जीवन पर सार्थक प्रभाव डालती हैं।’
मेट्रो शहरों से इतर दिख रही मांग
फरवरी से मई के बीच प्रमुख टूर्नामेंट्स को देखते हुए रांची, तिरुअनंतपुरम, जयपुर और लखनऊ जैसे उभरते केंद्रों में ट्रैवल की मांग निकल रही है। यह दिखाता है कि बड़े खेल टूर्नामेंट किस तरह से भारत में टूरिज्म मैप को नया आकार दे रहे हैं।
एयरबीएनबी के आंतरिक डाटा के मुताबिक, क्रिकेट सीजन के दौरान मैच आयोजित करने वाले कई शहरों को लेकर भारतीय पर्यटकों की सर्चिंग पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है। मेट्रो शहरों से इतर अन्य उभरते शहरों में पर्यटन में मजबूत विकास देखने को मिला है।
- रांची को लेकर सर्चिंग सालाना आधार पर करीब 120 प्रतिशत बढ़ी।
- तिरुअनंतपुरम को लेकर सालाना आधार पर सर्चिंग 110 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ी।
- जयपुर और लखनऊ को लेकर सर्चिंग सालाना आधार पर क्रमश: 70 और 60 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ी।
आंकड़े दिखाते हैं कि बड़े आयोजनों से टियर-2 शहरों में पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे भारत के पारंपरिक पर्यटन वाले शहरों से इतर भी लोगों की मांग बढ़ रही है।
प्रमुख मैच वाले दिनों में और भी उल्लेखनीय उछाल
मेजबान शहर कोलंबो में भारत बनाम पाकिस्तान मैच वाले वीकेंड (14 से 17 फरवरी, 2026) के दौरान भारतीयों द्वारा ठहरने के लिए 325 प्रतिशत ज्यादा सर्चिंग देखी गई। वहीं नाइट बुकिंग में भी सालाना आधार पर उल्लेखनीय वृद्धि दिखी। यह प्रमुख मैचों के दौरान दूसरे देशों की यात्रा को बढ़ावा देने की क्रिकेट की ताकत को दिखाता है।
इसी तरह से क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान (7-10 मार्च, 2026) अहमदाबाद के लिए सर्चिंग में करीब 170 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। यह बड़े मैचों के दौरान प्रमुख क्रिकेट गंतव्य के रूप में इसकी स्थिति को मजबूत करने वाला है।



