
राज्य के 1100 से ज्यादा स्कूल जुड़े ‘एआई-रेडी स्कूल’ कैंपेन से
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ रिलायंस जियो ने जियो इंस्टीट्यूट के साथ मिलकर राजस्थान में ‘एआई-रेडी स्कूल’ अभियान की शुरुआत की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राजस्थान के स्कूलों में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना और छात्रों को भविष्य की तकनीक के लिए तैयार करना है। इस अभियान से अब तक राज्य के 1100 से ज्यादा स्कूल जुड़ चुके हैं।
इस पहल के तहत छात्रों और शिक्षकों को चार हफ्तों का एक मुफ्त ऑनलाइन कोर्स कराया जा रहा है। इसमें उन्हें जेमिनी 3, चैटजीपीटी और एडोब एक्सप्रेस जैसे आधुनिक एआई टूल्स का इस्तेमाल करना सिखाया जाएगा। इस कोर्स में छात्रों को एआई के बुनियादी नियम और प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग जैसी नई तकनीकें सिखाई जा रही हैं, ताकि वे आने वाले समय की जरूरतों के लिए तैयार हो सकें।
जो स्कूल अपने 100 या उससे ज्यादा छात्रों को यह कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करा लेते हैं, उन्हें जियो इंस्टीट्यूट की तरफ से ‘एआई-रेडी स्कूल’ का सर्टिफिकेट दिया जाएगा। अब तक राजस्थान के 25 से ज्यादा स्कूलों को यह सर्टिफिकेट मिल चुका है।





