
जयपुर दिव्यराष्ट्र:/ प्रताप नगर-वैशाली नगर स्थित शिव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ किया गया। उत्सव में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान शिवाम्बिका सिंह, अभ्युदय सिंह, ईशान वाधवा, एस.के. गुप्ता, श्याम माहेश्वरी, मंजू शर्मा, आराध्या सिंह, तरुण भारत वाधवा, सुमन लाखोटिया, शिवराध्या सिंह एवं अनुश्री ने भजन गायन एवं नृत्य प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
उर्वशी एवं पीहू ने ‘तुम प्रेम हो’, राइशा ने ‘वो किसना है’ तथा संध्या, माही एवं सौम्या ने ‘राधा गौरी गौरी’ पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
उत्सव के दौरान आयोजित श्रीकृष्ण क्विज कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। क्विज में प्रतिभागियों ने श्रीकृष्ण के जीवन, लीलाओं एवं भारतीय संस्कृति से जुड़े प्रश्नों का उत्साहपूर्वक उत्तर दिया।
कार्यक्रम का संचालन सीए अतुल साबू ने किया। उनकी प्रभावी एवं रोचक संचालन शैली ने पूरे कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा।
विकास समिति के सचिव तरुण भारत वाधवा ने बताया कि जन्माष्टमी उत्सव का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को एकजुट करने के साथ-साथ बच्चों एवं युवाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और सनातन परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कलाकारों, प्रतिभागियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।





