जयपुर। पेस्ट मैनेजमेंट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (PMAR) की ओर से बुधवार को होटल हयात प्लेस, मालवीय नगर, जयपुर में PMAR CONNECT-26 वार्षिक बिजनेस एवं टेक्निकल कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम Connect • Learn • Grow • Transform रही। सम्मेलन में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए एसोसिएशन के पदाधिकारियों, पेस्ट मैनेजमेंट व्यवसायियों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं डेलीगेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कृषि विभाग, जयपुर के संयुक्त निदेशक श्री शंकर लाल मीणा एवं कृषि अधिकारी श्री मोहित गुप्ता उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने पेस्ट मैनेजमेंट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान की आधिकारिक वेबसाइट www.pmar.org.in का लोकार्पण किया। यह एसोसिएशन की डिजिटल पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
सम्मेलन में पेस्ट मैनेजमेंट क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, नवीन उत्पादों, पर्यावरण अनुकूल समाधानों एवं व्यवसाय की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपने उत्पादों एवं तकनीकी समाधानों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर विशेष सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें व्यवसाय एवं पेस्ट मैनेजमेंट क्षेत्र में AI के उपयोग और भविष्य की संभावनाओं पर जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में विभिन्न पेस्ट मैनेजमेंट कंपनियों द्वारा स्टॉल लगाए गए। डेलीगेट्स ने स्टॉलों का अवलोकन कर प्रदर्शित उत्पादों, आधुनिक उपकरणों एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। इस आयोजन ने उद्योग से जुड़े व्यवसायियों को आपसी संवाद, नेटवर्किंग एवं नए व्यावसायिक अवसरों के लिए एक साझा मंच प्रदान किया।
इस अवसर पर PMAR के अध्यक्ष श्री सोमेश शर्मा, उपाध्यक्ष श्री महेंद्र जी, सचिव श्री लोकेश यादव, संयुक्त सचिव श्री सुनील शर्मा एवं कोषाध्यक्ष श्री दीपक शर्मा सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में इवेंट कोऑर्डिनेटर कुशाग्र पाराशर, प्रेरित मुद्गल, शिवकांत शर्मा एवं विजय सिखवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
PMAR CONNECT-26 का मुख्य उद्देश्य राजस्थान में पेस्ट मैनेजमेंट उद्योग को मजबूत मंच प्रदान करना, आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को बढ़ावा देना तथा उद्योग से जुड़े सभी लोगों के बीच ज्ञान, सहयोग और व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करना रहा।