मलेशिया की आईएनटीआई इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के साथ मिलेगा वैश्विक अनुभव, ट्यूशन फीस और आवास पूरी तरह निशुल्क
लक्ष्मणगढ़, दिव्यराष्ट्र/ मोदी यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की दो छात्राओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की छात्राएं जीविका और अवनी का चयन मलेशिया स्थित आईएनटीआई इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित सेमेस्टर एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए हुआ है। गौरतलब है की आईएनटीआई इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी की क्यू एस रैंकिंग 509 है।
विश्वविद्यालय की वैश्विक पहल के तहत दोनों छात्राएं अगस्त से दिसंबर 2026 तक एक सेमेस्टर के लिए आईएनटीआई इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में अध्ययन करेंगी। यह कार्यक्रम दोनों विश्वविद्यालयों के बीच हुए स्टुडेन्ट एक्सचेंज समझौते के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।
इस दौरान छात्राओं को न केवल अपने विषय से संबंधित उन्नत पाठ्यक्रमों का अध्ययन करने अवसर मिलेगा, बल्कि विभिन्न देशों के विद्यार्थियों के साथ संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने का भी मौका मिलेगा।
विशेष बात यह है कि आईएनटीआई इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ने दोनों छात्राओं को 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस में छुट प्रदान की है। साथ ही विश्वविद्यालयों के बीच सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से छात्राओं को ऑन-कैंपस आवास सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
मोदी विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों छात्राओं को बधाई दी है। प्रशासन का कहना है कि यह सफलता मोदी यूनिवर्सिटी की अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक साझेदारियों की मजबूती और विद्यार्थियों को वैश्विक अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह उपलब्धि अन्य छात्राओं को भी अंतरराष्ट्रीय शिक्षा और करियर के नए आयाम तलाशने के लिए प्रेरित करेगी।