सीकर, दिव्यराष्ट्र (सत्य पटेल):/ स्थानीय किन्नर समाज पर करारा प्रहार करते हुए किन्नर माही शेखावत ने बताया कि किन्नरों के एक समूह ने उनके समाज की परम्परा को गुंडाराज बना दिया है। बकरा मंडी की एक किन्नर गादीपति पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए माही शेखावत ने कहा कि उससे 25 लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। यहां पत्रकार वार्ता में माही ने आरोप लगाया कि वह जैसी भी है अपने घर परिवार में रहकर पढ़लिख रही थी जहां पंजाब से ये उसे किन्नर समाज में ले आई और अब उसे सरेआम मारपीट तथा बधाई लेने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है। इस सम्बंध में औद्योगिक नगर थाना पुलिस को शिकायत के बावजूद उसे इंसाफ नहीं मिल रहा। माही ने कहा कि बधाई लेना उनका हक है जो कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने कहा कि बकरा मंडी वाली पायल अपने आपको किन्नर समाज की गद्दी नसीन मानती है जो चाहे जिसे समाज से निकाल देती है। ऐसा ही उनके साथ किया जा रहा है। बिरादरी में शामिल करने के नाम पर जुर्माने के 25 लाख रुपए उससे मांगे जा रहे हैं। माही ने कहा कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह एसपी से मिलेगी व धरने पर बैठकर न्याय की गुहार लगाएगी। माही शेखावत ने सर्व समाज से भी उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।