पीआईईटी में एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ 1 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी की ओर से सीतापुरा स्थित पूर्णिमा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (पीआईईटी) में वार्षिक प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की गई। राष्ट्र निर्माण, युवा सशक्तिकरण तथा नेतृत्व विकास के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं। शिविर का संचालन विंग कमांडर रॉबिन सेबेस्टियन, कमांडिंग ऑफिसर एवं कैंप कमांडेंट, 1 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस अवसर पर सीनियर जीसीआई कमायनी रस्तोगी भी उपस्थित रहीं। पीआईईटी की ओर से प्रिंसिपल डॉ. दिनेश गोयल, डीन स्टूडेंट वेलफेयर अश्विनी लाटा, और प्रोक्टर अशोक कुमार ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए एनसीसी अधिकारियों एवं कैडेट्स का स्वागत किया।
विंग कमांडर रॉबिन सेबेस्टियन ने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने पीआईईटी द्वारा प्रदान किए गए उत्कृष्ट सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी एनसीसी के मिशन को और अधिक प्रभावी बनाती है।
पीआईईटी के प्रिंसिपल डॉ. दिनेश गोयल ने कहा कि पीआईईटी सदैव शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके युवा होते हैं और एनसीसी जैसी गतिविधियां युवाओं को जिम्मेदार नागरिक एवं भविष्य का नेतृत्वकर्ता बनने के लिए तैयार करती हैं। अश्विनी लाटा ने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण युवाओं में अनुशासन, समय प्रबंधन, टीम भावना और नेतृत्व कौशल का विकास करता है। उन्होंने कैडेट्स को प्रेरित करते हुए राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि 1 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी राजस्थान की प्रतिष्ठित एनसीसी इकाइयों में से एक है, जिसने वर्षों से हजारों युवाओं को उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराए हैं। यह इकाई अनुशासन, साहसिक गतिविधियों, सामुदायिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण अभियानों तथा राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए जानी जाती है। इसके कैडेट्स विभिन्न गणतंत्र दिवस शिविरों, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तथा रक्षा सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।