
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गायिका सावनी रविन्द्र ने देश का प्रतिनिधित्व किया।
मुंबई, दिव्यराष्ट्र/प्लेबैक सिंगिंग, सिंगल्स, एल्बम, टीवी थीम और लाइव परफॉर्मेंस में अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जानी जाने वाली सावनी रविन्द्र ने मंगोलिया में आयोजित प्रतिष्ठित एशिया-पैसिफिक ब्रॉडकास्टिंग यूनियन ( एबीयू ) सॉन्ग फेस्टिवल में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
यह फेस्टिवल 2013 से आयोजित हो रहा है और अब अपने 13वें वर्ष में है। इसमें हर भाग लेने वाले देश से एक कलाकार को मौलिक संगीत प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया जाता है। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए सावनी ने अपना ओरिजिनल गाना “रंग दे” प्रस्तुत किया—जो उनकी सावनी ओरिजिनल यूट्यूब सीरीज़ का हिस्सा है। यह गीत भारतीय संस्कृति की जीवंतता और होली के त्योहार का उत्सव मनाता है। गीतकार वैभव जोशी और संगीतकार ऋषिकेश गंगन हैं।
अपनी खुशी जताते हुए सावनी ने कहा, “अपने ही बनाए गीत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। आयोजकों ने ‘रंग दे’ इसलिए चुना क्योंकि यह भारतीय त्योहारों और परंपराओं की खूबसूरती को दर्शाता है। इसे वैश्विक दर्शकों के सामने गाना मेरे लिए बेहद समृद्ध अनुभव रहा।”
उन्होंने दूरदर्शन मुंबई की संध्या पुजारी को श्रेय दिया, जिनकी सिफारिश से उनका नाम राष्ट्रीय स्तर पर चुना गया। सावनी ने कहा, “मैं इस समर्थन के लिए आभारी हूँ और खुश हूँ कि मेरा प्रदर्शन सफल रहा। यह सफर सिर्फ गाने तक सीमित नहीं था, बल्कि भारत की संस्कृति, रंगों और भावनाओं को दुनिया के सामने रखने का भी था।”