20वाँ संस्करण राजस्थान सरकार के निरंतर सहयोग से आयोजित होगा
जयपुर दिव्यराष्ट्र:/ जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल अपना ऐतिहासिक 20वाँ संस्करण 14-18 जनवरी 2027 को जयपुर में मनाएगा। यह आयोजन साहित्य, विचारों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के दो दशकों का उत्सव होगा।
2008 में अपने पहले संस्करण से लेकर अब तक, जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल जयपुर में लेखकों और पाठकों के एक सम्मेलन से कहीं बढ़कर दुनिया के सबसे प्रमुख साहित्यिक मंचों में से एक बन गया है। दो दशकों में, फ़ेस्टिवल ने 8,000 से अधिक लेखकों, वक्ताओं और कलाकारों की मेज़बानी की है। इसके साथ ही फ़ेस्टिवल ने पचास लाख से अधिक दर्शकों का स्वागत किया है। भारत के साथ-साथ फ़ेस्टिवल ने अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, स्पेन, ऑस्ट्रेलिया, मध्य-पूर्व, मालदीव और आयरलैंड में भी अपनी अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति दर्ज की है।
राजस्थान सरकार का निरंतर सहयोग फ़ेस्टिवल की इस यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है और जयपुर शहर, जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल का घर बना रहा है, जिसने फ़ेस्टिवल को एक विशिष्ट सांस्कृतिक परिवेश और वह मंच दिया जिससे यह साहित्य और विचारों के अंतरराष्ट्रीय उत्सव के रूप में विकसित हुआ है। फ़ेस्टिवल ने जयपुर और राजस्थान की साहित्यिक व सांस्कृतिक पहचान को पूरे भारत और दुनियाभर के दर्शकों तक पहुँचाया है।
“20 वर्ष। विचार। कहानियाँ। बातचीत।” थीम पर आधारित यह 20वाँ संस्करण साहित्य, संस्कृति, शिक्षा और कला के क्षेत्रों से लेखकों, चिंतकों, कलाकारों और विविध आवाज़ों को एक साथ लाकर, विषयों, भाषाओं व दृष्टिकोणों के पार संवाद के लिए एक खुला व सुलभ होने की जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल की परंपरा को आगे बढ़ाएगा।
अपनी 20वीं वर्षगांठ के इस पड़ाव के एक हिस्से के रूप में, जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल ने अपनी यह घोषणा एक साथ भारत की 22 आधिकारिक भाषाओं में भी जारी की है, जो बहुभाषी कथा-कथन और साहित्य व विचारों तक व्यापक पहुँच के प्रति इसकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल का 20वाँ संस्करण 14-18 जनवरी 2027 को जयपुर में, राजस्थान सरकार के निरंतर सहयोग से आयोजित होगा।