मुंबई, दिव्यराष्ट्र/ हिंदुजा समूह की परोपकारी शाखा हिंदुजा फाउंडेशन ने भारतीय मूल के छात्रों के लिए किंग्स कॉलेज लंदन में एमएससी इन मेडटेक नवाचार और उद्यमिता पाठ्यक्रम के अध्ययन हेतु वर्ष 2026 की छात्रवृत्तियों की घोषणा की है। वर्ष 2024 में हिंदुजा फाउंडेशन यूके ने विश्व प्रसिद्ध किंग्स कॉलेज लंदन में ‘हिंदुजा किंग्स हेल्थ पार्टनर्स अकादमी’ की स्थापना के लिए एक महत्वपूर्ण परोपकारी योगदान दिया था। इस ऐतिहासिक साझेदारी के तहत स्कूल ऑफ बायोमेडिकल इंजीनियरिंग और इमेजिंग साइंस में हेल्थकेयर टेक्नोलॉजीज के क्षेत्र में चार वर्षीय पूर्णकालिक पीएचडी छात्रवृत्तियों तथा एक वर्षीय एमएससी मेडटेक इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप कार्यक्रम को समर्थन प्रदान किया जा रहा है, जिससे ब्रिटेन और भारत दोनों के स्वास्थ्य समुदायों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा, इस साझेदारी के माध्यम से गाइज़ एंड सेंट थॉमस हॉस्पिटल्स एनएचएस फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा नर्सों के प्रशिक्षण, ऑब्जर्वरशिप और ऑनलाइन लीडरशिप ट्रेनिंग कोर्स भी मुंबई स्थित पी.डी. हिंदुजा अस्पताल में शुरू किए गए हैं।
तीन पीएचडी और दो एमएससी हिंदुजा स्कॉलर्स ने अक्टूबर 2025 में किंग्स कॉलेज लंदन में अपनी पढ़ाई शुरू की, जबकि एक पीएचडी स्कॉलर फरवरी 2026 में शामिल हुआ।
अक्टूबर से शुरू होने वाले 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए अभी भी चार पीएचडी और पांच एमएससी छात्रवृत्तियों हेतु आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। हिंदुजा फाउंडेशन यूके पीएचडी छात्रवृत्तियों और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी “हिंदुजा स्कॉलर्स – सर्जरी सीडीटी” लिंक पर उपलब्ध है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 मई 2026 है।
वहीं, भारतीय नागरिकों के लिए एमएससी मेडटेक इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप कार्यक्रम के तहत पांच स्कॉलरशिप उपलब्ध हैं, जिनमें एक छात्रवृत्ति 80% और चार स्कॉलरशिप 50% शुल्क सहायता प्रदान करेंगी। इससे संबंधित जानकारी “हिंदुजा स्कॉलरशिप फॉर मेडटेक इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप एमएससी | किंग्स कॉलेज लंदन” लिंक पर उपलब्ध है। आवेदन की अंतिम तिथि 19 जून 2026 निर्धारित की गई है।
ये स्कॉलरशिप भारतीय छात्रों को वैश्विक विशेषज्ञता, वास्तविक स्वास्थ्य सेवाओं के वातावरण और नवाचार आधारित शिक्षा तक पहुंच प्रदान करेंगी, जिससे वे स्वास्थ्य क्षेत्र की महत्वपूर्ण चुनौतियों का समाधान निकालने और भारत सहित वैश्विक स्वास्थ्य व्यवस्था के भविष्य में योगदान देने में सक्षम बनेंगे। शिक्षा और अनुसंधान में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध किंग्स कॉलेज लंदन प्रभावशाली अनुसंधान, उत्कृष्ट शिक्षा और सामाजिक सेवा के माध्यम से ब्रिटेन और वैश्विक स्तर पर सकारात्मक एवं सतत बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदुजा फाउंडेशन के चेयरमैन अशोक हिंदुजा ने कहा, “हमारे ‘एक्ट लोकल, थिंक ग्लोबल’ के सिद्धांत से प्रेरित होकर हम मानते हैं कि भविष्य के लिए तैयार प्रतिभाओं में निवेश करना भारत में मजबूत और वैश्विक मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करने के लिए बेहद आवश्यक है, जो विकसित भारत के विजन में योगदान देगा। इस साझेदारी के माध्यम से हमारा उद्देश्य भारतीय छात्रों को वैश्विक विशेषज्ञता तक पहुंच उपलब्ध कराना है। हमारा फोकस स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत की क्षमताओं को मजबूत करने और भारत से जुड़े ज्ञान एवं अनुसंधान के दायरे का विस्तार करने पर है। दीर्घकालिक रूप से हमारा लक्ष्य वैश्विक हेल्थकेयर परिदृश्य में भारत की भूमिका को और मजबूत बनाना है।”