15 हजार श्रद्धालुओं की भागीदारी, 19 अप्रैल को होगा महायज्ञ का समापन
पुष्कर, दिव्यराष्ट्र/ तीर्थराज पुष्कर स्थित गायत्री शक्तिपीठ, मणिवेदिका पीठ में आयोजित शत (100) गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ में सहभागिता के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 8 अप्रैल को पुष्कर आएंगे। यह भव्य आध्यात्मिक आयोजन 8 मार्च से वैदिक अनुष्ठानों के साथ निरंतर जारी है, जिसका समापन 19 अप्रैल को होगा।
कार्यक्रम के संयोजक एवं विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय महामंत्री पवन कुमार पारीक ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन के दिन इस विराट महायज्ञ में राजस्थान की लगभग 100 तहसीलों से करीब 15 हजार श्रद्धालु एवं समाजजन भी सहभागिता के लिए पुष्कर आरहे हैं। महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य आध्यात्मिक चेतना का प्रसार, विश्व शांति की स्थापना तथा सामाजिक एकता को सुदृढ़ करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सायं 4 बजे हेलिपैड पर पहुंचेंगे, जहां विप्र फाउंडेशन के उपाध्यक्ष परमेश्वर शर्मा सहित प्रतिनिधिमंडल द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात आयोजन स्थल के मुख्य द्वार पर प्रखर ट्रस्ट पदाधिकारियों द्वारा पारंपरिक अभिनंदन किया जाएगा। तत्पश्चात मुख्यमंत्री खुली जीप द्वारा यज्ञस्थल पहुंचेंगे, जहां गायत्री मंदिर में 51 विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक पूजा एवं मंत्रोच्चार संपन्न कराया जाएगा।
इसके बाद संत आवास में संत प्रखर महाराज के सान्निध्य में विशेष विचार-विमर्श आयोजित होगा। चर्चा के प्रमुख विषयों में महायज्ञ का वैश्विक प्रभाव, आयोजन का उद्देश्य आतंकवाद का समूल नाश तथा तीर्थराज पुष्कर के समग्र विकास से जुड़े मुद्दे शामिल रहेंगे। इस दौरान पवन कुमार पारीक, माता चिदानंदमयी तथा पुष्कर विधायक एवं राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत भी उपस्थित रहेंगे।
विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष परमेश्वर शर्मा के अनुसार संत प्रखर महाराज के सान्निध्य में प्रदक्षिणा कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें यजमानों द्वारा धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा। पश्चात आयोजित धार्मिक सभा में मुख्यमंत्री संबोधन देंगे तथा तीर्थराज पुरोहित संघ द्वारा उन्हें ज्ञापन भी प्रस्तुत किया जाएगा।
सभा में संत प्रखर जी महाराज, राघवाचार्य जी महाराज (अयोध्या), विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.एन. श्रीमाली, राष्ट्रीय संयोजक सुशील ओझा, कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, नगर पालिका पुष्कर के अध्यक्ष कमल कुमार पाठक सहित अनेक गणमान्य अतिथि मंचासीन रहेंगे।
ट्रस्ट के राधेश्याम गुरुजी, नवीन शर्मा (विजयनगर), नरेन्द्र शर्मा (कानपुर), बेनीप्रसाद शर्मा (डेगाना), अशोक जोशी सहित अनेक पदाधिकारी मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे।




