राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में होगा पांच दिवसीय भव्य आयोजन, फिल्म सबमिशन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026
जयपुर , दिव्यराष्ट्र: राजस्थान में सिनेमा और फिल्म संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत में नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (रिफ 2027) के 13वें संस्करण का आयोजन 6 से 10 जनवरी 2027 तक जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआई सी) में किया जाएगा। रिफ फिल्म क्लब द्वारा आयोजित इस पांच दिवसीय फिल्म महोत्सव को राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग का सहयोग प्राप्त है।
रिफ फिल्म क्लब एवं राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के संस्थापक एवं फेस्टिवल डायरेक्टर सोमेन्द्र हर्ष ने बताया कि राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल विगत कई वर्षों से सिनेमा, कला, संस्कृति और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। रिफ का उद्देश्य देश-विदेश के फिल्मकारों, कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं एवं सिनेमा से जुड़े प्रतिभाशाली लोगों को एक साझा मंच प्रदान करना तथा राजस्थान में फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि रिफ 2027 के पांच दिवसीय आयोजन में विभिन्न श्रेणियों की फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ सेमिनार, वर्कशॉप, नॉलेज सीरीज, फिल्म बाजार एवं प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सिनेमा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन 10 जनवरी 2027 को भव्य रिफ अवॉर्ड समारोह आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट फिल्मों, कलाकारों एवं फिल्म निर्माण से जुड़े प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
फिल्मकारों से फिल्मों की प्रविष्टियां आमंत्रित
रिफ 2027 के लिए देश-विदेश के फिल्मकारों, स्वतंत्र फिल्म निर्माताओं, प्रोडक्शन हाउस, युवा फिल्मकारों एवं विद्यार्थियों से फिल्मों की प्रविष्टियां आमंत्रित की जा रही हैं। महोत्सव में फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, एनिमेशन फिल्म, एआई फिल्म एवं म्यूजिक एल्बम सहित विभिन्न श्रेणियों की फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इच्छुक फिल्मकार अपनी फिल्मों का ऑनलाइन सबमिशन राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं। फिल्म सबमिशन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
रिफ 2027 फिल्मकारों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा और फिल्मों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश-विदेश के फिल्म जगत से जुड़े लोगों, विशेषज्ञों एवं कलाकारों के साथ संवाद और नेटवर्किंग का अवसर प्रदान करेगा।