नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र:/ गलोबल सिस्टम फॉर मोबाइल कम्युनिकेशन्स (जीएसएमए) ने भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल को बेहद खास ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें दुनिया भर में दूरसंचार क्षेत्र का परिदृश्य बदलने और सरकारों, व्यवसायों तथा अरबों उपभोक्ताओं तक कनेक्टिविटी (संपर्क) के विस्तार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए दिया गया है। जीएसएमए के इतिहास में केवल चुनिंदा व्यक्तियों को दिया जाने वाला यह सम्मान अब तक कुछ ही टेलीकॉम दिग्गजों को प्रदान किया गया है। यह सम्मान उन योगदानों को मान्यता देता है, जिन्होंने वैश्विक संचार व्यवस्था पर एक अमिट और निर्णायक छाप छोड़ी है। बार्सिलोना में आयोजित ‘मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस’ के दौरान यह सम्मान उन्हें स्पेन के राजा महामहिम फेलिप षष्ठम, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज, कैटलोनिया के राष्ट्रपति साल्वाडोर इला और वैश्विक उद्योग जगत के नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने पर सुनील भारती मित्तल ने कहा, “यह सम्मान पाकर मैं अत्यंत गौरवान्वित हूं और इसके लिए जीएसएमए को हृदय से धन्यवाद देता हूं। मैं इसे केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में नहीं, बल्कि भारत की दूरसंचार यात्रा, भारती परिवार की सामूहिक भावना और वैश्विक पटल पर भारतीय दूरसंचार कंपनियों के बढ़ते प्रभाव के सम्मान के रूप में स्वीकार करता हूं। यह सम्मान उस उद्योग की प्रगति को भी दर्शाता है जिसने अरबों लोगों को आपस में जोड़ा है। इसका श्रेय हमारे ग्राहकों, उन टीमों को जिन्होंने हमारे संस्थानों का निर्माण किया और उन भागीदारों को जाता है जो कनेक्टिविटी की परिवर्तनकारी शक्ति में विश्वास रखते हैं।”


