नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र:/ कांग्रेस की सीनियर नेता सोनिया गांधी ने अरसे बाद गुरुवार को इंस्टाग्राम पर एंट्री मारी है। उन्होंने अपनी नवंबर में रिलीज होने वाली संस्मरण किताब के साथ पहला वीडियो भी शेयर किया है। सोनिया गांधी ने इस पहली पोस्ट में सबको नमस्कार करते हुए खुशी जताई है और अपने संस्मरण के बारे में भी बताया है। उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी पहले से ही सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं।
सोनिया गांधी ने विडियो में लिखा-मुझे खुशी हो रही है
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट बना लिया है। उन्होंने पहला वीडियो भी पोस्ट किया है। इस पोस्ट में वह एक किताब के साथ नजर आ रही हें, जो एक संस्मरण है। इस पोस्ट में उनकी आने वाली संस्मरण पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक दिखाई गई है। अपनी पहली इंस्टाग्राम पोस्ट में, सोनिया गांधी ने किताब की पहली झलक साझा करते हुए आभार जताया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘सभी को नमस्ते, आप सभी के साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। पेश है मेरी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक।’
सोनिया ने पोस्ट में लिखा था, ‘यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनापन खोजने की कहानी है। मैं इसे आपके साथ साझा करने के लिए उत्सुक हूं।’ यह संस्मरण सोनिया गांधी के जीवन के सफर को बयां करता है। युद्ध के बाद के इटली में उनके बचपन से लेकर, उस प्रेम कहानी तक जो उन्हें भारत ले आई, और उन व्यक्तिगत नुकसानों तक जिन्होंने उनके जीवन और उनके अपनाए हुए देश के साथ उनके रिश्ते को गहराई से प्रभावित किया।
सोनिया के संस्मरण में पूरी लाइफ की कहानी
79 वर्षीय कांग्रेस की वरिष्ठ नेता, जो पार्टी की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने का रिकॉर्ड रखती हैं, इस संस्मरण में इटली में अपने बचपन, कैम्ब्रिज में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते, और अपनी सास पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और अपने पति राजीव गांधी की हत्या की घटनाओं को याद करती हैं।
इटली में जन्मीं सोनिया गांधी 1965 में इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में 19 साल की छात्रा थीं, जब उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई। इस जोड़े ने 25 फरवरी, 1968 को शादी की।
राहुल गांधी ने भी मां की किताब को लेकर जताया था उत्साह
हाल ही में, अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी मां की किताब को लेकर उत्साह जताया। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘मुझे बहुत खुशी और गर्व है कि आपकी कहानी ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को आखिरकार वे लाखों लोग पढ़ सकेंगे जो आपसे प्यार करते हैं। मैं जानता हूं कि आप जैसी निजी स्वभाव वाली इंसान के लिए दुनिया को अपनी यह खूबसूरत कहानी बताना कितना मुश्किल रहा होगा। आज, उनके जन्मदिन पर, मैं देख सकता हूँ कि पापा मुस्कुरा रहे हैं और गर्व से अपनी खूबसूरत सोनिया को देख रहे हैं।’
सोनिया गांधी का संस्मरण 10 नवंबर को होगा रिलीज
सोनिया गांधी का संस्मरण, ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’, 10 नवंबर 2026 को रिलीज़ होने वाला है। इसे भारत में हार्परकॉलिन्स इंडिया और वैश्विक स्तर पर पेंगुइन रैंडम हाउस -नॉफ द्वारा प्रकाशित किया जाएगा।
एक्स पर सोनिया का नहीं है कोई अकाउंट
सोनिया गांधी का एक्स यानी ट्विटर पर कोई आधिकारिक व्यक्तिगत वेरिफाइड अकाउंट नहीं है।