युवा प्रतिदिन लगाते हैं पौधे
युवाओं की जिद-हरियाली की होड़: अब हरा-भरा होगा रातल्या मोक्षधाम
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे स्थित रातल्या गांव में युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण की ऐसी मिसाल पेश की है, जो अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। गांव के युवाओं ने दो बीघा क्षेत्र में फैले मोक्षधाम को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया है। खास बात यह है कि युवाओं में अब पौधारोपण को लेकर सकारात्मक होड़ सी लग गई है और हर दिन नए पौधे लगाने का निर्णय लिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि मोक्षधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति और संस्कारों का प्रतीक भी बनेगा। इसी सोच के साथ युवाओं ने प्रतिदिन पौधारोपण अभियान शुरू किया है। समाजसेवी कुम्भ सिंह चम्वात के सहयोग से रविवार को मोक्षधाम परिसर में मौलश्री, कदम्ब, चीकू और नीम सहित 11 पौधे लगाए गए। पौधारोपण के बाद सभी युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली।
स्थानीय निवासी दिनेश और कृष्ण बागड़ा ने बताया कि यह अभियान एक-दो दिन का नहीं, बल्कि तब तक जारी रहेगा जब तक पूरा मोक्षधाम घने पेड़ों और हरियाली से आच्छादित नहीं हो जाता। युवाओं का लक्ष्य है कि आने वाले समय में यह स्थान छायादार, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बने।
इस दौरान ग्रामीण युवाओं में पौधों की देखभाल को लेकर भी उत्साह देखने को मिला। किसी ने पौधों के लिए पानी की जिम्मेदारी ली तो किसी ने सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाने की बात कही। ग्रामीणों का कहना है कि आज के दौर में बढ़ते तापमान और घटती हरियाली को देखते हुए हर व्यक्ति को पौधारोपण के लिए आगे आना चाहिए।
समाजसेवी महेश बागड़ा ने कहा कि मनुष्य का जीवन पेड़ों के बिना अधूरा है। पेड़ हमें फल, फूल, लकड़ी, औषधियां और सबसे महत्वपूर्ण शुद्ध हवा देते हैं। यदि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देना है तो हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए।
इस अवसर पर गजेन्द्र मेहता, रवि बाड़ीवाल, जितेन्द्र बाबड़ी राजुलाल अचरावाला सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।