बिजनेस सेक्टर और जीतो सदस्यों को सतर्क रहने की जरूरत*
अहमदाबाद, दिव्यराष्ट्र:/ बुलियन कारोबारी और जीतो एपेक्स के चेयरमैन पृथ्वीराज कोठारी के नाम पर हैदराबाद के एक कारोबारी से 75 लाख की ठगी के मामले में अहमदाबाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जीतो की वेबसाइट से व्यापारियों के मोबाइल नंबर हासिल किए और बाद में फर्जी पहचान के जरिए कारोबारियों से संपर्क किया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मोड़सिंह उर्फ विक्रमसिंह राजपुरोहित और भरतगिरी खेमगिरी गोस्वामी है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में कम से कम 22 मामलों में संलिप्तता की जांच की जा रही है। इस मामले में एक अन्य आरोपी के फरार होने की जानकारी भी सामने आई है।
पूरा मामला इस प्रकार है कि 8 जुलाई को हैदराबाद के कारोबारी रोहन जैन से मोबाइल नंबर 9824829738 से संपर्क किया। फोन करने वाले ने कथित तौर पर खुद को पृथ्वीराज कोठारी बताया। बातचीत के दौरान कारोबारी का विश्वास हासिल करने के बाद उसे 75 लाख अहमदाबाद की एक अंगड़िया फर्म के माध्यम से भेजने के लिए कहा गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जीतो की वेबसाइट पर उपलब्ध सदस्यों के संपर्कों का इस्तेमाल किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अन्य व्यापारियों के मोबाइल नंबर भी जीतो की वेबसाइट से हासिल करने की बात स्वीकार की है।
अहमदाबाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को 12 अगस्त को गिरफ्तार किया। उनके पास से 25 लाख नकद और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। यह मामला मूल रूप से हैदराबाद में दर्ज हुआ था, जिसे अहमदाबाद की कालूपुर पुलिस को स्थानांतरित किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में दर्ज 22 मामलों से उनके संबंधों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या अन्य मामलों में भी प्रतिष्ठित कारोबारी या उद्योगपतियों की पहचान का इस्तेमाल कर व्यापारियों से संपर्क किया गया था। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने जीतो की वैबसाइट से कितने व्यापारियों के मोबाइल नंबर हासिल किए और उनमें से कितने लोगों से संपर्क किया गया। साथ ही जिस अंगड़िया फर्म के माध्यम से 75 लाख भेजने के लिए कहा गया था, उसकी भूमिका और आरोपियों के साथ उसके संभावित संपर्क की भी जांच की जा सकती है।
जीतो के एपेक्स चेयरमेन पृथ्वीराज कोठारी ने अपील की है कि जीतो सदस्यों और व्यापारिक क्षेत्र से जुड़े लोगों फोन पर संपर्क में, वित्तीय लेनदेन में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। किसी परिचित कारोबारी, संस्था के पदाधिकारी या व्यावसायिक संपर्क के नाम से फोन आने पर केवल मोबाइल नंबर या आवाज के आधार पर लेनदेन करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। इस मामले के आरोपियों पर पृथ्वीराज कोठारी के नाम, पहचान और व्यक्तित्व का इस्तेमाल कर कारोबारी को विश्वास में लेने का आरोप है। अहमदाबाद पुलिस की आगे की जांच से यह स्पष्ट होगा कि इस मामले में आरोपियों का नेटवर्क कितना बड़ा था और जीतो की वेबसाइट से हासिल किए गए कारोबारी संपर्कों का कथित रूप से कितने मामलों में इस्तेमाल किया गा। इसीलिए अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए विशेष रूप से यदि किसी फोन कॉल में तत्काल बड़ी रकम भेजने, माल देने या किसी विशेष अंगड़िया के माध्यम से भुगतान करने के लिए कहा जाए तो संबंधित व्यक्ति से उसके पहले से उपलब्ध नंबर पर संपर्क कर स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना उचित होगा।