— इटर्नल हॉस्पिटल के साथ किया एमओयू साइन
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीआरसीआई) ने अपने नेटवर्क के विस्तार के अंतर्गत महत्वपूर्ण पहल करते हुए जयपुर के इटर्नल हॉस्पिटल के साथ एमओयू साइन किया है। इसके तहत पीआरसीआई के सदस्यों व परिवारजनों को हॉस्पिटल में रियायती दरों पर प्राथमिकता के साथ स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र के विशेषज्ञों की सेवाओं का लाभ मिलेगा। यह एमओयू हेल्थ अवेयरनेस, प्रिवेंटिव हेल्थकेयर और कम्युनिटी के साथ सार्थक जुड़ाव के प्रति पीआरसीआई की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
हॉस्पिटल में आयोजित समारोह में पीआरसीआई, जयपुर चैप्टर के चेयरमेन सोमेन्द्र हर्ष और इटर्नल हॉस्पिटल के डीजीएम (ग्रोथ डेवलपमेंट एंड ब्रांडिंग) आशीष खूंटेटा ने एमओयू पर हस्ताक्षर कर इसका आदान—प्रदान किया। इस अवसर पर पीआरसीआई, जयपुर चैप्टर के सचिव सनी कुलश्रेष्ठ; चैप्टर के संयुक्त सचिव डॉ. राहुल बाबू कोडाली तथा इटर्नल हॉस्पिटल के अर्जुन सिंह भी मौजूद रहे। दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि यह साझेदारी स्वास्थ्य सेवा एवं संचार क्षेत्र में इंडस्ट्री और चिकित्सा जगत के संबंधों को और अधिक सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
पीआरसीआई, जयपुर चैप्टर के चेयरमेन सोमेन्द्र हर्ष ने बताया कि पीआरसीआई, जयपुर चैप्टर इटर्नल हॉस्पिटल के साथ मिलकर समाज में बेहतर स्वास्थ्य जागरूकता उत्पन्न करने और स्वस्थ भविष्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने काउंसिल की गतिविधियों व आगामी योजनाओं की जानकारी भी दी।
इटर्नल हॉस्पिटल के सीनियर जनरल मैनेजर (ग्रुप ग्रोथ डेवलपमेंट एंड ब्रांडिंग) नितेश तिवारी ने बताया कि इस एमओयू के तहत पीआरसीआई के सदस्यों व उनके परिवारजनों को यहां ओपीडी, लैब टेस्ट व हेल्थ पैकेज पर 10 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर इटर्नल हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. राहुल माथुर का “गोल्डन इयर्स डिजर्व गोल्डन केयर” विषय पर ज्ञानवर्धक इंटरैक्टिव सेशन हुआ। इसमें उन्होंने बुजुर्गों की देखभाल, प्रिवेंटिव हेल्थकेयर और स्वस्थ तरीके से उम्र बढ़ने (हेल्दी एजिंग) के महत्व पर प्रकाश डाला।
उल्लेखनीय है कि पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीआरसीआई) बेंगलुरु मुख्यालय वाला एक अग्रणी अखिल भारतीय कम्युनिकेशन एक्सचेंज मंच है।