जयपुर में 5 हजार करोड़ की हुई खरीदारी
सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर वाहनों, इलेक्ट्रॉनिक्स और परिधानों तक बाजार में रही रौनक
जयपुर, दिव्यराष्ट्र: धनतेरस पर प्रदेश के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। प्रदेश में करीब 20 हजार करोड़ रुपए का कारोबार हुआ, जबकि जयपुर में ही लगभग 5 हजार करोड़ रुपए की खरीदारी हुई। धनतेरस पर सोने-चांदी के दामों में गिरावट से भी ग्राहकों में उत्साह नजर आया। ज्वेलरी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, परिधान, मिठाई, ड्राई फ्रूट्स और गिफ्ट आइटम सहित लगभग सभी प्रमुख बाजारों में अच्छी ग्राहकी रही। वाहन खरीदारों ने पहले ही अपनी पसंद के वाहन बुक करा लिए और फिर धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर अपने वाहन घर लेकर गए। मोती डूंगरी गणेश मंदिर पर पूजा के लिए नए वाहनों का मेला नजर आया। इसके अलावा महिला और पुरुष परिधान, मिठाई, ड्राई फ्रूट्स, सजावटी लाइट्स, पूजन सामग्री और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही।
फोर्टी अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल का कहना है कि धनतेरस की खरीदारी ने दीपावली के कारोबार को मजबूत आधार दिया है। बाजार में नकद और डिजिटल भुगतान दोनों माध्यमों से खरीदारी हुई। धनतेरस ने राजस्थान के बाजारों में उत्साह का माहौल बनाया और अब आगे दिवाली तक त्योहारी सीजन में व्यापारियों को बेहतर कारोबार की उम्मीद ।
राजस्थान में धनतेरस का सेक्टर अनुसार कारोबार*
– वाहन – 6,000 करोड़
– सोने-चांदी के सिक्के, बिस्किट एवं बुलियन – 2,000 करोड़
– सोने, हीरे और अन्य आभूषणों की ज्वेलरी – 4000 करोड़
– इलेक्ट्रॉनिक्स एवं होम अप्लायंस – 2500 करोड़
– महिला एवं पुरुष परिधान – 1,200 करोड़
– मिठाइयां एवं ड्राई फ्रूट्स – 900 करोड़
– बर्तन एवं किचनवेयर – 700 करोड़
– फर्नीचर, होम डेकोर एवं सजावटी लाइट्स 1000 करोड़
– गिफ्ट आइटम, कॉस्मेटिक्स एवं लाइफस्टाइल प्रोडक्ट 700 करोड़
– अन्य – 1000 करोड़
कुल- 20,000 करोड़