• भारतीय नौसेना का 25 सदस्यों का दल टीवीएस रोनिन मोटरसाइकिलों पर महाराष्ट्र में 1,600 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगा
• इस अभियान के तहत छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े दस ऐतिहासिक किलों की यात्रा कर भारतीय नौसेना में करियर के अवसरों के बारे में युवाओं को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा
मुंबई/बेंगलुरु, दिव्यराष्ट्र:/ भारतीय नौसेना ने दोपहिया और तिपहिया वाहनों की जानी-मानी वैश्विक निर्माता टीवीएस वेणु की अंग – टीवीएस मोटर कंपनी के सहयोग से आज मुंबई के नेवीनगर स्थित कोहली स्टेडियम से ‘फ्लीट टू फोर्ट्स’ मोटरसाइकिल अभियान को हरी झंडी दिखाई।
14 दिन की इस यात्रा में 1600 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की जाएगी और छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े 10 किलों का दौरा किया जाएगा। इनमें वे किले भी शामिल हैं जिन्हें हाल ही में यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल (हेरिटेज लिस्ट) में “भारत के मराठा सैन्य परिदृश्य” (मराठा मिलिट्री लैंडस्केप्स ऑफ इंडिया) के तौर पर शामिल किया गया है। इस यात्रा का उद्देश्य, युवाओं के बीच भारतीय नौसेना में करियर के अवसरों के बारे में जागरूकता बढ़ाना भी है। इसमें अग्निपथ योजना पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो भारत सरकार का सशस्त्र बलों में अधिकारी रैंक से नीचे के कर्मियों के लिए अल्पकालिक भर्ती कार्यक्रम है।
कैप्टन शेखर देशपांडे के नेतृत्व में 25 सदस्यों के इस दल में ऑफिसर, नाविक और अग्निवीर शामिल हैं। इनमें महिला ऑफिसर और महिला अग्निवीर के साथ-साथ नौसेना समुदाय की महिलाएं भी शामिल हैं, जिससे भारतीय नौसेना के ‘नारी शक्ति’ पर ज़ोर रेखांकित होता है। महाराष्ट्र के अंदरूनी कस्बों और गांवों से होकर गुज़रने वाले इस रोमांचक रास्ते को भारतीय नौसेना के सवार (राइडर) टीवीएस रोनिन मोटरसाइकिलों पर तय करेंगे। भारतीय नौसेना के साथ इस गठजोड़ से टीवीएस मोटर कंपनी को उन परिदृश्यों के ज़रिए युवा भारतीयों तक नए स्थानों-अवसरों की तलाश, रोमांच और दोस्ती की कहानियां पहुंचाने का मौका मिला है, जिन्होंने भारत की सामुद्रिक विरासत को आकार दिया है।
भारतीय नौसेना की पश्चिमी नौसेना कमान, वाइस एडमिरल राहुल विलास गोखले ने इस अभियान को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर आयोजित समारोह में अपने संबोधन के दौरान कहा कि भारतीय नौसेना गहरे समुद्र के लिहाज़ से प्रमुख ताकत बनी हुई है और रोमांच, खोज और लोगों तक पहुंचने की उसकी भावना इस “फ्लीट टू फोर्ट्स” मोटरसाइकिल अभियान में बखूबी दिखती है। उन्होंने कहा कि ये किले दूरदर्शिता, साहस, संगठन, मज़बूती और बहुत मुश्किल परिस्थितियों में भी ज़बरदस्त सैन्य क्षमता के निर्माण की काबिलियत की स्थायी मिसाल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज भारतीय नौसेना के लिए स्वदेशी समुद्री क्षमता निर्माण के लिहाज़ से प्रेरणा का लगातार स्रोत हैं। उन्होंने राइडरों से यह भी कहा कि वे युवाओं तक गर्व के साथ देश की सेवा करने का संदेश पहुंचाएं और इस अवसर का इस्तेमाल महाराष्ट्र की अद्भुत संस्कृति, समुदायों, नज़ारों और विरासत का आनंद लेने के लिए करें, जो इसे इतना विशिष्ट बनाते हैं।
टीवीएस मोटर कंपनी के व्यवसाय प्रमुख – प्रीमियम, श्री विमल सुम्बली ने इस अवसर पर कहा, “हमें ‘फ्लीट टू फोर्ट्स’ मोटरसाइकिल अभियान के ज़रिए भारतीय नौसेना के साथ अपना जुड़ाव जारी रखने पर बहुत गर्व और सम्मान का अहसास हो रहा है। यह यात्रा वीरता, मज़बूती और सूझबूझ की कहानियों को जीवंत करती है और इन प्रेरणादायक कहानियों को ऐतिहासिक किलों और तटीय नज़ारों के ज़रिए युवा भारतीयों तक पहुंचाती है, जिन्होंने हमारी समुद्री विरासत को आकार दिया है। यह भावना टीवीएस रोनिन के साथ गहराई से जुड़ती है, जो राइडरों को अपना रास्ता खुद बनाने, अप्रत्याशित चीज़ों को अपनाने और हर यात्रा को अपनी कहानी में तब्दील करने के लिए प्रोत्साहित करती है। अपनी अलग पहचान और खोज पर आधारित जीवनशैली के ज़रिए, रोनिन राइडरों को सड़क को अलग तरह से अनुभव करने के लिए प्रेरित करती है। हमें उम्मीद है कि यह अभियान नई पीढ़ी को उस साहस, रचनात्मकता और लक्ष्य की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा जो हमारी साझा यात्रा को परिभाषित करते हैं। हम पूरे दल की सुरक्षित और यादगार यात्रा की कामना करते हैं।”
‘फ्लीट टू फोर्ट्स’ मोटरसाइकिल अभियान रोमांच, विरासत और सेवा को जोड़कर अगली पीढ़ी से परस्पर जुड़ाव और युवाओं को राष्ट्र-निर्माण के रास्ते खोजने के लिए प्रेरित करने का अवसर भी प्रदान करता है।