सीआईईएल एचआर रिपोर्ट में खुलासा
मुंबई , दिव्यराष्ट्र: भारत में सीनियर लीडरशिप का पूल दुनिया में सबसे बड़ा है, लेकिन कंपनियां अपने बॉस बाहर से ला रही हैं। सीआईईएल एचआर की रिपोर्ट ‘स्टेट ऑफ लीडरशिप इन इंडिया 2026’ में 6,30,000 सीनियर लीडर्स का अध्ययन किया गया, जिसमें डायरेक्टर, वीपी, एसवीपी, ईवीपी और सीएक्सओ शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार देश के 80,000 सी-सूट पदों में से 82.6% पर बाहरी नियुक्ति हुई है। लगभग 66,000 लीडर्स को बाहर से लाया गया, जबकि सिर्फ 13,900 को अंदर से प्रमोट किया गया। सीएक्सओ के पद बहुत कम खाली होते हैं। 43.3% पदों पर लोग दस साल या उससे अधिक समय से बने हुए हैं। हर दो साल में सिर्फ 7,800 पद खाली होते हैं, जबकि 1,60,000 वीपी इन पदों के लिए उपलब्ध हैं, यानी हर 21 वीपी के लिए एक मौका।भारत का सी-सूट सीईओ-हैवी है। 38,000 पदों के साथ सीईओ की हिस्सेदारी 47.5% है। औसतन हर सीईओ के साथ सिर्फ 1.11 अन्य चीफ हैं, जबकि वैश्विक बाजारों में यह संख्या पांच से आठ है। एक तिहाई सीईओ के पास दस साल से कम अनुभव है, जो संकेत देता है कि कई फाउंडर हैं। 83.7% सीईओ बाहर से आए हैं और 88.7% पहली बार सीईओ बने हैं।
छह मेट्रो शहरों में देश के 66.7% सीनियर लीडर्स और 94% सीएक्सओ पद केंद्रित हैं। महिलाओं की हिस्सेदारी सीनियर स्तर पर 14.7% है, लेकिन सी-सूट में 9.6% और सीईओ में 8.7% रह जाती है। पूरे देश में 40 से भी कम सीनियर लीडर्स ने जेनरेटिव एआई को स्किल के रूप में लिस्ट किया है।
जीसीसी मॉडल अलग है, जहां 8 वीपी पर एक चीफ, 43% आंतरिक प्रमोशन और 22.9% महिला लीडर हैं।
सीआईईएल एचआर के एमडी और सीईओ आदित्य नारायण मिश्रा ने कहा, भारत में लीडर्स की कमी नहीं, रास्तों की कमी है।