अंडमान – निकोबार द्वीप समूह में प्रीमियम होमस्टे सेवा के लिए समझौता किया
मुंबई, दिव्यराष्ट्र:/ इंडियन होटल्स कंपनी ( आईएचसीएल) की प्रीमियम होमस्टे सेवा, अमा स्टेज़ एंड ट्रेल्स ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पोर्ट ब्लेयर में बंगलों के एक समूह को साइन करने की घोषणा की है। अंडमान के नीले पानी और हरियाली के बीच, पोर्ट ब्लेयर के मंजरी बीच के पास आ रहा है ‘अमा स्टेज़ एंड ट्रेल्स’, जिसमें होंगे 10 शानदार बंगले – बीच से बस कुछ ही कदम दूर! यहाँ मेहमानों के लिए एक बेहतरीन रेस्टोरेंट के साथ-साथ जिम, स्पा, योग डेक और स्विमिंग पूल जैसी हर आधुनिक सुविधा मौजूद होगी। यहाँ रहकर आप समुद्र के नीले पानी में स्नॉर्कलिंग का मज़ा ले सकते हैं, साथ ही इस इलाके के पुराने इतिहास और यहाँ की आदिवासी संस्कृति को करीब से देख सकते हैं।
पुनीत छटवाल, एमडी और सीईओ, आईएचसीएल ने बताया,”आजकल लोग सिर्फ होटलों में रुकना नहीं, बल्कि कुछ नया अनुभव करना चाहते हैं। इसी वजह से ‘होमस्टे’ का चलन तेजी से बढ़ रहा है। अमा स्टेज़ एंड ट्रेल्स के पोर्टफोलियो में पूरे भारत में 370 से ज़्यादा बंगले शामिल हैं और अब आगे बढ़ते हुए अंडमान पहुंचना हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह दिखाता है कि हम देश के हर बेहतरीन पर्यटन स्थल पर अपनी पहचान बना रहे हैं। हमें इस प्रोजेक्ट के लिए श्री अभिषेक सिंह के साथ जुड़कर बेहद खुशी हो रही है।”
अमा स्टेज़ एंड ट्रेल्स के शानदार बंगले आपको जगह-जगह की स्थानीय संस्कृति और इतिहास से रूबरू कराते हैं। यहाँ रहना आपको उस जगह की खूबसूरती और पुरानी यादों को गहराई से जीने का मौका देता है। पहाड़ों की वादियों से लेकर समुद्र की लहरों तक, अमा स्टेज़ एंड ट्रेल्स आपके लिए लाया है भारत के सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों पर 370 से भी ज़्यादा लग्जरी बंगलों का एक शानदार पोर्टफोलियो। चाहे वह गोवा के वाइब्रेंट बीच हों, हिमाचल और उत्तराखंड की बर्फीली चोटियाँ, राजस्थान के शाही ठाट-बाट या केरल और अंडमान का शांत नीला पानी—हम देश के हर बड़े पर्यटन स्थल पर मौजूद है। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और सिक्किम जैसी जगहों पर फैले ये बंगले आपको एक आलीशान घर जैसा अहसास देते हैं।
अभिषेक सिंह, संस्थापक और अध्यक्ष, टेरा रेक्स रियल्टी और टेरा रेक्स एनर्जी ने बताया,”पोर्ट ब्लेयर एक ऐतिहासिक शहर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह का प्रवेश द्वार है। यहाँ आने वाले यात्री प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत के एक अनोखे संगम का अनुभव करते हैं। हम इस प्रोजेक्ट के लिए आईएचसीएल के ‘अमा स्टेज़ एंड ट्रेल्स’ के साथ हाथ मिलाकर बेहद खुश हैं, ताकि अपने मेहमानों के लिए इन खास अनुभवों को हकीकत में बदल सकें।”
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की राजधानी पोर्ट ब्लेयर, एक ऐतिहासिक शहर होने के साथ-साथ इन द्वीपों का मुख्य प्रवेश द्वार भी है। चिड़िया टापू जैसे खूबसूरत समुद्र तटों और ऐतिहासिक सेलुलर जेल के लिए मशहूर, यह शहर सैलानियों को प्राकृतिक सुंदरता और गौरवशाली इतिहास का एक अनोखा संगम पेश करता है।