नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र/ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की दो दिवसीय नई दिल्ली यात्रा (7 और 8 अप्रैल, 2025) राज्य के औद्योगिक परिदृश्य को सशक्त बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ संपन्न हुई। इस यात्रा के दौरान हुई रणनीतिक साझेदारियाँ और समझौते ओडिशा को पेट्रोकेमिकल और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में एक मज़बूत औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।
मुख्य आकर्षण के रूप में, ओडिशा सरकार ने नई दिल्ली में देश के अग्रणी औद्योगिक समूहों के साथ कई उच्च-मूल्य के समझौता ज्ञापनों (एम ओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसमें सबसे महत्वपूर्ण समझौता इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के साथ ओडिशा में डुअल-फीड नेफ्था क्रैकर परियोजना स्थापित करने हेतु किया गया, जिसकी अनुमानित लागत ₹98,880 करोड़ है। यह परियोजना लगभग 67,000 नौकरियों का सृजन करेगी और राज्य की पेट्रोकेमिकल क्षमता एवं विनिर्माण अवसंरचना को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगी।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने मुख्य भाषण में कहा: “आज इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के साथ किया गया एमओयू ओडिशा की औद्योगिक यात्रा में एक ऐतिहासिक क्षण है। यह हमारे साझा दृष्टिकोण और ओडिशा की क्षमता में विश्वास का प्रतीक है। परादीप, अपनी रणनीतिक स्थिति और उन्नत अवसंरचना के साथ, पश्चिम के दहेज की तरह एक परिवर्तनकारी औद्योगिक केंद्र बनने को तैयार है। ओडिशा तैयार है—आपका स्वागत है। यही समय है, सही समय है।”
एमओयू हस्ताक्षर और मेगा रोड शो : कार्यक्रम की शुरुआत ओडिशा के मुख्य सचिव श्री मनोज आहूजा के स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद आईओसीएल के चेयरमैन ए.एस. सहनी ने संबोधित किया। रासायनिक क्षेत्र की पारिस्थितिकी पर एक वीडियो और उद्योग एवं एमएसएमई के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा द्वारा प्रस्तुतिकरण ने ओडिशा की औद्योगिक विकास रणनीति को प्रस्तुत किया।
आईओसीएल के साथ डुअल-फीड नेफ्था क्रैकर परियोजना हेतु हुए समझौते को कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पल माना गया। इस ऐतिहासिक समझौते के अंतर्गत ₹58,042 करोड़ के निवेश के साथ 24,000 रोजगार के अवसर उत्पन्न होने की उम्मीद है।
आईओसीएल के अलावा, इंडियन स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिज़र्व्स लिमिटेड और पेट्रोनैट एलएनजी एल के साथ भी अहम समझौते किए गए, जो राज्य के लिए एक रणनीतिक औद्योगिक स्थिति को दर्शाते हैं। कुल 13 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए, जिनका कुल निवेश मूल्य ₹1,03,090 करोड़ है और जिनसे लगभग 95,915 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।