420 केंद्रों के साथ मजबूत हुई देशव्यापी मौजूदगी
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र:/ श्रवण स्वास्थ्य-सेवा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी हियरज़ैप ने एम्प्लीफॉन इंडिया के श्रवण स्वास्थ्य-सेवा व्यवसाय के अधिग्रहण की घोषणा की है। इस सौदे के बाद हियरज़ैप का नेटवर्क देशभर में बढ़कर 420 केंद्रों तक पहुंच गया है, जिससे कंपनी की स्थिति भारत के संगठित श्रवण स्वास्थ्य-सेवा क्षेत्र में और मजबूत हुई है।
कंपनी के अनुसार, इस अधिग्रहण को 360 वन ऐसेट मैनेजमेंट के सहयोग से पूरा किया गया है। इसके तहत एम्प्लीफॉन इंडिया के लगभग 240 हियरिंग केयर पॉइंट्स ऑफ सेल, जिनमें 115 प्रत्यक्ष संचालित केंद्र शामिल हैं, हियरज़ैप के नेटवर्क का हिस्सा बनेंगे।
हियरज़ैप ने बताया कि इस विलय से कंपनी को अपने 2027 तक 500 केंद्र स्थापित करने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। कंपनी का कहना है कि इसका उद्देश्य महानगरों के साथ-साथ टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी उच्च गुणवत्ता वाली श्रवण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
हियरज़ैप के मैनेजिंग डायरेक्टर राजा एस. ने कहा कि एम्प्लीफॉन इंडिया का अधिग्रहण कंपनी की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इससे वैश्विक स्तर की क्लिनिकल विशेषज्ञता, परिचालन दक्षता और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
कंपनी के अनुसार, अगले 12 महीनों में एम्प्लीफॉन इंडिया के परिचालन को चरणबद्ध तरीके से हियरज़ैप के साथ एकीकृत किया जाएगा। इस दौरान ग्राहकों और कर्मचारियों को निर्बाध सेवाएं प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
हियरज़ैप का अनुमान है कि दोनों कंपनियों के एकीकरण के बाद उसका कुल राजस्व 230 करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा। कंपनी चालू वित्त वर्ष के अंत तक लगभग 250 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2029 तक 500 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
कंपनी भविष्य में नए हियरिंग केयर केंद्र खोलने, कम सेवा प्राप्त क्षेत्रों में विस्तार करने, एआई आधारित डायग्नोस्टिक्स और टेली-ऑडियोलॉजी सेवाओं को बढ़ावा देने की भी योजना बना रही है।
हियरज़ैप के बारे में
वर्ष 2018 में स्थापित हियरज़ैप का मुख्यालय हैदराबाद में है। कंपनी श्रवण जांच, हियरिंग एड समाधान, स्पीच एवं हियरिंग रिहैबिलिटेशन तथा आजीवन श्रवण देखभाल सेवाएं प्रदान करती है।
एम्प्लीफॉन इंडिया के बारे में
एम्प्लीफॉन इंडिया, एम्प्लीफॉन ग्रुप का हिस्सा है, जो 24 देशों में संचालित एक वैश्विक श्रवण स्वास्थ्य-सेवा कंपनी है।