मुंबई, दिव्यराष्ट्र:/ ग्रीनसेल मोबिलिटी को इम्पैक्ट फंड डेनमार्क (आईएफडीके) से 330 करोड़ रुपये का इक्विटी निवेश प्राप्त हुआ है। कंपनी ने मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इस पूंजी से देशभर में लगभग 4,500 नई इलेक्ट्रिक बसों की तैनाती को गति मिलेगी।
कंपनी के अनुसार, नई निवेश राशि के जरिए चल रही परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके बाद ग्रीनसेल मोबिलिटी का इलेक्ट्रिक बस बेड़ा देश के 105 शहरों में 5,000 से अधिक ई-बसों तक पहुंच जाएगा। कंपनी वर्तमान में देश का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म है जो किसी एक बस निर्माता पर निर्भर हुए बिना इलेक्ट्रिक बस सेवाएं संचालित करता है।
एवरसोर्स कैपिटल के सीईओ धनपाल झवेरी ने कहा कि भारत इलेक्ट्रिक सार्वजनिक परिवहन अब एक ऐसे बुनियादी ढांचे के क्षेत्र के रूप में उभर रहा है जिसमें बड़े संस्थागत निवेशक भरोसे के साथ निवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आईएफडीके का निवेश ग्रीनसेल की विकास क्षमता और निवेशकों के विश्वास को दर्शाता है।
ग्रीनसेल मोबिलिटी के एमडी एवं सीईओ देवेंद्र चावला ने कहा कि कंपनी को एवरसोर्स, आईएफसी, बीआईआई, टाटा कैपिटल और अब आईएफडीके जैसे निवेशकों का लगातार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह निवेश कंपनी को अपने विस्तार कार्यक्रमों और सेवा गुणवत्ता को और मजबूत करने में मदद करेगा।
वहीं, इम्पैक्ट फंड डेनमार्क के सीईओ लार्स बो बर्ट्रम ने भारत को अपने लिए महत्वपूर्ण बाजार बताते हुए कहा कि ग्रीनसेल में निवेश आर्थिक अवसरों के साथ-साथ वायु प्रदूषण कम करने और हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। [