3 से 7 जून तक होंगे विभिन्न आयोजन, हजारों साइक्लिस्ट्स होंगे शामिल*
जयपुर:/ दिव्यराष्ट्र साइक्लिंग संस्कृति, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला “एयू जयपुर साइक्लोथॉन 2026” इस वर्ष केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का बहुत बड़ा अभियान बनने जा रहा है। आगामी 3 से 7 जून 2026 तक आयोजित होने वाले इस बहुदिवसीय कार्यक्रम के तहत जयपुर में फिटनेस, सस्टेनेबल सिटीज़, ग्रीन मोबिलिटी और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह प्रतिष्ठित आयोजन संस्कृति युवा संस्था, जयपुर रनर्स क्लब एवं इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट द्वारा एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक एवं इटरनल हॉस्पिटल, जयपुर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन की घोषणा करते हुए संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा, इवेंट कमेटी चेयरमैन सुधीर जैन गोधा, इवेंट डायरेक्टर कैप्टन शशि किरण एवं इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट के एमडी मुकेश मिश्रा ने संयुक्त रूप से बताया कि 7 जून को होने वाले मुख्य आयोजन में जयपुर सहित देशभर से हजारों साइक्लिस्ट्स, फिटनेस प्रेमी, युवा, कॉर्पोरेट प्रतिनिधि एवं परिवार भाग लेंगे और फिटनेस के साथ “ग्रीन एवं क्लीन सिटी” का संदेश देंगे।
संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में ‘फिट इंडिया मूवमेंट’, साइक्लिंग संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को लेकर दिए जा रहे संदेशों से समाज में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। ‘एयू जयपुर साइक्लोथॉन’ भी उसी सोच और विज़न को आगे बढ़ाने का एक ईमानदार प्रयास है, जिसके माध्यम से लोगों को फिटनेस अपनाने, साइक्लिंग को अपनी रोजमर्रा की जीवनशैली का हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विभिन्न संस्थाओं का एक मंच पर आना समाज में सकारात्मक बदलाव लाएगा।
5 दिनों तक सजेगा फिटनेस और सस्टेनेबिलिटी का मंच
• 3 जून (वर्ल्ड बाइसिकल डे): इस दिन “सस्टेनेबल सिटीज़ एंड साइक्लिंग” विषय पर एक विशेष टॉक शो का आयोजन किया जाएगा। इसमें विषय विशेषज्ञ, शहरी योजनाकार, फिटनेस एक्सपर्ट्स एवं पर्यावरण प्रेमी गंभीर चर्चा करेंगे कि कैसे साइक्लिंग के माध्यम से गुलाबी नगरी को प्रदूषण मुक्त, सुरक्षित और अधिक रहने योग्य बनाया जा सकता है।
• 5 जून (वर्ल्ड एनवायरमेंट डे): विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर पूरे शहर में बड़े स्तर पर एक मेगा प्लांटेशन ड्राइव (वृक्षारोपण अभियान) चलाई जाएगी। इसके माध्यम से आमजन को हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
• 6 जून (प्री-इवेंट सेलिब्रेशन): मुख्य रेस से ठीक एक दिन पहले एक्सपो एवं साइक्लिंग अवॉर्ड समारोह आयोजित होगा। इसमें जहां एक ओर प्रतिभागियों को रेस किट्स दी जाएंगी, वहीं दूसरी ओर साइक्लिंग व फिटनेस के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कोरोना वॉरियर्स और खेल प्रेमियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष का सबसे बड़ा आकर्षण: 5 अलग-अलग रूट
इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट एमडी मुकेश मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष मुख्य आयोजन को बेहद खास और व्यापक बनाया गया है , 7 जून को होने वाली मुख्य साइक्लिंग राइड्स को इस बार जयपुर शहर के पांच अलग-अलग स्थानों से एक साथ फ्लैग ऑफ (रवाना) किया जाएगा। हजारों साइक्लिस्ट्स जब एक साथ शहर की सड़कों पर उतरेंगे, तो वह नजारा अद्भुत होगा , इसके माध्यम से आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और कार्बन फुटप्रिंट कम करने का संदेश दिया जाएगा , यह महाअभियान जयपुर को एक ‘फिट और सस्टेनेबल सिटी’ के रूप में वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा