समाज रत्न
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ कुछ व्यक्तित्व अपनी सफलता से नहीं, बल्कि दूसरों को आगे बढ़ाने की भावना से असाधारण बनते हैं। मुंबई निवासी सीए देवेश दाधीच ऐसे ही प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने साधारण परिस्थितियों से उठकर अपने परिश्रम, दूरदृष्टि और सामाजिक समर्पण के बल पर एक ऐसी पहचान बनाई, जो आज हजारों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
सन् 1955 में राजस्थान के राजसमंद जिले के कांकरोली में जन्मे देवेश दाधीच का बचपन संघर्षों के बीच बीता। वर्ष 1960 में उनका परिवार मुंबई आ गया, जहाँ प्रारंभिक जीवन एक साधारण चॉल में गुज़रा। माता-पिता ने कठिन परिश्रम करते हुए परिवार को आगे बढ़ाया और धीरे-धीरे चॉल से फ्लैट तक का सफर तय किया। बचपन में अभावों और संघर्षों को निकट से देखने का यही अनुभव उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी शक्ति बना।
शैक्षणिक जीवन में वे स्वयं को एक सामान्य विद्यार्थी मानते हैं। विद्यालयी शिक्षा के बाद एन. एम. कॉलेज, विले पार्ले (मुंबई) में प्रवेश लिया। मित्रों के प्रोत्साहन से चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की परीक्षा दी और वर्ष 1982 में सफलता प्राप्त की। इसके बाद “देवेश दाधीच एंड कंपनी” के नाम से अपनी स्वतंत्र चार्टर्ड अकाउंटेंसी प्रैक्टिस प्रारंभ की और अपने व्यावसायिक जीवन में विश्वास, ईमानदारी और उत्कृष्टता की मिसाल कायम की।
सामाजिक जीवन में भी उनका योगदान अत्यंत उल्लेखनीय रहा है। मित्रों और समाज के बीच सदैव सक्रिय रहते हुए उन्होंने लोगों को जोड़ने, संवाद बढ़ाने और सामूहिक गतिविधियों के आयोजन को अपना स्वभाव बनाया। यही सोच आगे चलकर एक बड़े सामाजिक अभियान में परिवर्तित हुई।
कोविड काल में उन्होंने “दाधीच इंटरनेशनल ट्रेड फाउंडेशन। ( डीआईटीएफ)”की स्थापना की। इसका उद्देश्य समाज के युवाओं को कौशल विकास, ज्ञान-विनिमय और वैश्विक नेटवर्किंग से जोड़ना था। केवल छह वर्षों में इस मंच ने 300 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया है, जिनमें वेबिनार, अखिल भारतीय क्रिकेट एवं शतरंज प्रतियोगिताएँ, बाल प्रतिभा कार्यक्रम, सफल व्यक्तित्वों के पॉडकास्ट, अग्रणी चिकित्सकों के स्वास्थ्य व्याख्यान और अनेक ज्ञानवर्धक आयोजन शामिल हैं। आज यह मंच विश्वभर के 10,000 से अधिक लोगों को जोड़ने में सफल हुआ है।
डीआईटीएफ का मासिक बुलेटिन भी पिछले पाँच वर्षों से निरंतर प्रकाशित हो रहा है तथा इसके यूट्यूब चैनल पर 12 लाख से अधिक व्यूज़ प्राप्त हो चुके हैं। भारतीय संस्कृति और महर्षि दधीचि के अमर त्याग को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से उन्होंने महादानी महर्षि दधीचि पर एक प्रेरणादायी लघु फिल्म का भी निर्माण कराया, जो उनके सांस्कृतिक एवं सामाजिक दृष्टिकोण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
सीए देवेश दाधीच का जीवन यह संदेश देता है कि संघर्ष परिस्थितियाँ तय कर सकते हैं, लेकिन सफलता का मार्ग हमारे संकल्प, परिश्रम और समाज के प्रति समर्पण से बनता है। यही उन्हें वास्तव में अनुपम, अगम्य और अप्रत्याशित व्यक्तित्व बनाता है।