
मुंबई, दिव्यराष्ट्र*भारत के अग्रणी मधुमेह उपचार केंद्रों में से एक डॉ. मोहन्स डायबिटीज़ स्पेशियलिटीज़ सेंटर ने“जीनोमिक लाइफस्टाइल काउंसलिंग नामक नई सेवा शुरू की है। यह सेवा आनुवंशिक जानकारी के आधार पर प्रत्येक व्यक्ति को व्यक्तिगत जीवनशैली संबंधी परामर्श प्रदान करती है। इस नई पहल का उद्देश्य टाइप-2 मधुमेह, मोटापा और हृदय रोग जैसे मेटाबॉलिक रोगों के जोखिम को पहले से पहचानना तथा उन्हें रोकने और बेहतर तरीके से नियंत्रित करने में सहायता करना है।
इस अवसर पर बोलते हुए, सेंटर के अध्यक्ष डॉ. वी. मोहन्स ने कहा, “स्वास्थ्य सेवाएं अब पारंपरिक उपचार पद्धतियों से आगे बढ़कर प्रिसिजन मेडिसिन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। जीनोमिक विज्ञान में हुई प्रगति के कारण अब यह संभव हो गया है कि किसी व्यक्ति को किन बीमारियों का अधिक जोखिम है, इसका पहले से आकलन किया जा सके और उसी के अनुसार जीवनशैली में आवश्यक बदलाव सुझाए जा सकें।”उन्होंने कहा कि भारत में मधुमेह और मोटापे जैसी बीमारियों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में जीनोमिक लाइफस्टाइल काउंसलिंग जैसी पहलें रोगों के जोखिम का पूर्वानुमान लगाने और उन्हें रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
सेंटर की प्रबंध निदेशक डॉ. आर. एम. अंजना ने कहा, “जीनोमिक लाइफस्टाइल काउंसलिंग एक अभिनव दृष्टिकोण है, जिसमें जीनोमिक जोखिम मूल्यांकन को योजनाबद्ध जीवनशैली परिवर्तन के साथ जोड़ा गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से मरीजों को उनकी आनुवंशिक प्रोफ़ाइल के अनुसार व्यक्तिगत डाइट प्लान, व्यायाम संबंधी सुझाव और जीवनशैली मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।” उन्होंने कहा कि इससे मेटाबॉलिक रोगों के जोखिम को शुरुआती चरण में पहचानने और उन्हें टालने या रोकने में मदद मिल सकती है।
इस मौके पर न्यूट्रिजेनोमिक काउंसलर डॉ. गीता धर्मट्टी ने कहा,“न्यूट्रिजेनोमिक्स तकनीक के माध्यम से किसी व्यक्ति के जीन और पोषण के बीच संबंध का अध्ययन किया जाता है और उसी आधार पर व्यक्तिगत आहार योजना तैयार की जाती है। नियमित परामर्श के जरिए मरीज जीवनशैली में आवश्यक बदलाव अपनाकर अपने स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार कर सकते हैं।”पिछले 35 वर्षों से मधुमेह उपचार, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा डॉ. मोहन्स डायबिटीज़ स्पेशियलिटीज़ सेंटर इस पहल के माध्यम से भारत में प्रिसिजन मेडिसिन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है।





