जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ नारायणा हॉस्पिटल, जयपुर के वरिष्ठ अस्थि एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. हेमेन्द्र अग्रवाल ने दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप सफलतापूर्वक पूर्ण की। यह फेलोशिप एडवांस शोल्डर एवं नी सर्जरी, स्पोर्ट्स इंजरी, आर्थ्रोस्कोपी एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट के नवीनतम उपचारों पर केंद्रित थी। फेलोशिप के दौरान उन्होंने विश्वप्रसिद्ध विशेषज्ञों के साथ कार्य करते हुए शोल्डर एवं नी से संबंधित जटिल रोगों के आधुनिक उपचार, नवीनतम सर्जिकल तकनीकों तथा उन्नत ऑपरेशन पद्धतियों का अध्ययन एवं प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
डॉ. अग्रवाल ने विशेष रूप से शोल्डर रोगों के नॉन-ऑपरेटिव (बिना सर्जरी) एवं ऑपरेटिव (सर्जरी द्वारा) उपचार की नवीनतम अवधारणाओं का अध्ययन किया। साथ ही उन्होंने रोटेटर कफ रिपेयर, शोल्डर स्टेबिलिटी सर्जरी, एनाटॉमिक एवं रिवर्स शोल्डर रिप्लेसमेंट, आर्थ्रोस्कोपिक तकनीकों तथा नी लिगामेंट एवं कार्टिलेज सर्जरी में हाल के वर्षों में हुए महत्वपूर्ण नवाचारों और अत्याधुनिक सर्जिकल तकनीकों को निकट से सीखा।
इससे पूर्व भी डॉ. अग्रवाल जापान, ऑस्ट्रेलिया एवं जर्मनी में उन्नत ऑर्थोपेडिक प्रशिक्षण एवं फेलोशिप प्राप्त कर चुके हैं। पिछले लगभग 15 वर्षों से वे आधुनिक एवं साक्ष्य-आधारित उपचार पद्धतियों के माध्यम से मरीजों को उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दक्षिण कोरिया से प्राप्त नवीनतम ज्ञान एवं अनुभव का लाभ अब राजस्थान के मरीजों को मिलेगा, जिससे उन्हें विश्वस्तरीय शोल्डर एवं नी उपचार अपने ही प्रदेश में उपलब्ध हो सकेगा। उनकी इस उपलब्धि पर चिकित्सा जगत एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।