मुंबई : दिव्यराष्ट्र:/ पेडर रोड और महालक्ष्मी के सकल हिंदू समाज की ओर से रविवार प्रातः 10 बजे पेडर रोड स्थित एनएफडीसी में ‘सांस्कृतिक सम्मेलन’ का आयोजन किया गया, जिसे उत्स्फूर्त प्रतिसाद प्राप्त हुआ। “संस्कृति से संगठन, संगठन से शक्ति” इस संदेश के साथ आयोजित इस सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों के मान्यवरों ने भारतीय संस्कृति, समाज संगठन और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर मार्गदर्शन किया।
इस कार्यक्रम में प्रख्यात आध्यात्मिक वक्ता ओम धुमटकर , प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एवं लेखक विवेक अग्निहोत्री जी तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कोंकण प्रांत प्रचारक विपिन कुमार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुधीर गोयनका ने की, जबकि उपाध्यक्ष के रूप में मधु डागा जी उपस्थित थीं।इस अवसर पर महाराष्ट्र राज्य के कौशल, रोजगार एवं उद्योजकता मंत्री श्री मंगलप्रभात लोढ़ा भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अजय मंत्री जी ने कियाI
गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर तबला वादन के साथ आगे के कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर बोलते हुए विपिन कुमार (कोंकण प्रांत प्रचारक) ने उपस्थित समुदाय को संबोधित करते हुए पंच परिवर्तन, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, स्वदेशी एवं आत्मनिर्भरता, नागरिक कर्तव्य तथा परिवार प्रबोधन जैसे विषय शामिल हैं, इनके महत्व पर विस्तृत मार्गदर्शन किया।
इसके बाद प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एवं लेखक विवेक अग्निहोत्री ने सामाजिक जागरूकता के संदर्भ में फिल्मों की भूमिका का विश्लेषण किया। उन्होंने कहा कि सिनेमा का समाज और जनमानस पर गहरा प्रभाव पड़ता है, इसलिए वे अपनी सामाजिक भूमिका को फिल्मों के माध्यम से प्रस्तुत करते हैं। साथ ही उन्होंने उपस्थित नागरिकों को अपनी कला और संस्कृति के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रख्यात आध्यात्मिक वक्ता ओम धुमटकर ने सनातन धर्म का हमारे व्यावसायिक जीवन के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखने में किस प्रकार उपयोग होता है, इसका ओंकार के प्रात्यक्षिक के माध्यम से प्रदर्शन किया।
सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुए इस सम्मेलन में नागरिकों, युवा वर्ग तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।