दिव्यराष्ट्र, मुंबई: भारत के प्रमुख डायवर्सिफाइड वित्तीय सेवा समूहों में से एक चॉइस इंटरनेशनल लिमिटेड (“Choice”) ने दक्षिण कोरिया के अग्रणी वित्तीय संस्थानों में से एक एनएच फाइनेंशियल ग्रुप की सब्सिडियरी एनएच इन्वेस्टमेंट एंड सिक्योरिटीज कंपनी लिमिटेड (“NHIS”) के साथ रणनीतिक गठजोड़ की आज घोषणा की. इसके तहत चॉइस की ब्रोकिंग एवं वेल्थ मैनेजमेंट इकाई चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड (“CEBPL”) में 900 करोड़ रुपये का रणनीतिक निवेश किया गया.
यह रणनीतिक निवेश चॉइस की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. साथ ही, यह इस बात का भी प्रमाण है कि दक्षिण कोरिया के अग्रणी वित्तीय संस्थानों में शामिल एनएच इन्वेस्टमेंट एंड सिक्योरिटीज (NHIS) को भारत में अगली पीढ़ी का वित्तीय सेवा मंच तैयार करने की चॉइस की सोच एवं दीर्घकालिक रणनीति पर पूरा भरोसा है.
भारत का पूंजी बाजार इस समय अभूतपूर्व वृद्धि के दौर से गुजर रहा है. खुदरा निवेशकों की बढ़ती भागीदारी, निवेशकों में बढ़ती जागरूकता तथा डिजिटल तकनीक को तेजी से अपनाए जाने से इस वृद्धि को बल मिला है. ऐसे माहौल में चॉइस को ब्रोकिंग, वेल्थ मैनेजमेंट, निवेश वितरण तथा पूंजी बाजार से जुड़े अपने कारोबार के विस्तार के साथ-साथ ग्राहकों के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने के पर्याप्त अवसर दिखाई दे रहे हैं. इस गठजोड़ के तहत एनएचआईएस कंपल्सरिली कन्वर्टिबल प्रेफरेंस शेयर्स के माध्यम से चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड में 900 करोड़ रुपये का निवेश करेगा. इस पूंजी का इस्तेमाल ग्रोथ कैपिटल के रूप में किया जाएगा, जिससे कंपनी अपने ओवरऑल बिजनेस का विस्तार करेगी. इसमें एमटीएफ बुक का विस्तार, टेक्नोलॉजी में रणनीतिक निवेश, नए ग्राहकों को जोड़ना, प्रतिभा का विकास, नए उत्पादों का विकास तथा कारोबार की विस्तार क्षमता को मजबूत करना शामिल है.
यह साझेदारी केवल पूंजी निवेश तक सीमित नहीं है, बल्कि रणनीतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. इससे भारत के वित्तीय बाजारों में चॉइस की बढ़ती मौजूदगी का लाभ एनएचआईएस की वैश्विक संस्थागत विशेषज्ञता, टेक्नोलॉजी पर आधारित ऑपरेशनल मॉडल तथा एशिया के सबसे विकसित पूंजी बाजारों में से एक में उसके लंबे अनुभव के साथ मिलेगा. दोनों कंपनियों के बीच इस सहयोग से इंस्टीट्यूशनल ब्रोकिंग, रिसर्च, पूंजी बाजार, कॉरपोरेट गवर्नेंस, जोखिम प्रबंधन, अनुपालन तथा परिचालन की उत्कृष्टता जैसे क्षेत्रों में ज्ञान एवं अनुभव का आदान-प्रदान होने की उम्मीद है. इससे चॉइस की संस्थागत क्षमताएं और मजबूत होंगी तथा उसकी दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति बेहतर होगी.
इस रणनीतिक साझेदारी के सहयोग से चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड अगले तीन वर्षों में अपने ब्रोकिंग और निवेश वितरण कारोबार में पांच गुना वृद्धि का लक्ष्य लेकर चल रही है. साथ ही कंपनी अपनी डिजिटल क्षमताओं, संस्थागत कारोबार तथा ग्राहकों के लिए अपनी पेशकश (Customer Proposition) को भी और मजबूत करेगी. चॉइस की बाजार में पहुंच और तेज विकास की गति को एनएचआईएस की वैश्विक विशेषज्ञता, प्रौद्योगिकी क्षमता तथा नवाचार आधारित व्यवस्था के साथ जोड़कर यह साझेदारी दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने की दिशा में काम करेगी. साथ ही भारत के तेजी से विकसित हो रहे निवेश बाजार में उभर रहे अवसरों का लाभ उठाने के लिए चॉइस को मजबूत स्थिति में पहुंचाएगी.
चॉइस इंटरनेशनल लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं कार्यकारी निदेशक अरुण पोद्दार ने इस साझेदारी पर कहा, ‘‘यह निवेश हमारी विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और यह हमारे विजन, कारोबारी मॉडल तथा दीर्घकालिक संभावनाओं पर एक अग्रणी वैश्विक वित्तीय संस्थान का भरोसा दिखाता है. भारत का वित्तीय सेवा क्षेत्र इस समय एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है. निवेशकों की बढ़ती भागीदारी, डिजिटल तकनीक को तेजी से अपनाया जाना तथा सभी तक आसानी से वित्तीय सेवाएं पहुंचाने की बढ़ती आवश्यकता इस बदलाव को गति दे रही है. एनएचआईएस अपने साथ गहरी संस्थागत विशेषज्ञता, वैश्विक बाजारों की समझ तथा उन्नत डिजिटल क्षमताएं लेकर आ रहा है, जो भारत के तेजी से बढ़ते निवेशक आधार को सेवाएं देने में हमारी क्षमताओं को और मजबूत बनाएंगी. हम मिलकर नवाचार को बढ़ावा देंगे, ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाएंगे, गुणवत्तापूर्ण वित्तीय उत्पादों तक पहुंच का विस्तार करेंगे तथा भारत के वित्तीय समावेशन के लक्ष्य में सार्थक योगदान देंगे. देश जब विकसित भारत 2047 के अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है, तब यह साझेदारी हमें अपने ग्राहकों, हितधारकों तथा व्यापक वित्तीय तंत्र के लिए टिकाऊ और दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने की मजबूत स्थिति में पहुंचाती है.’’
एनएच इन्वेस्टमेंट एंड सिक्योरिटीज के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिन जे वूक ने इस बारे में कहा, ‘‘यह रणनीतिक निवेश एनएच इन्वेस्टमेंट एंड सिक्योरिटीज के वैश्विक कारोबार पोर्टफोलियो को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. चॉइस समूह के साथ हमारी यह साझेदारी दोनों संस्थानों की ताकत को एक साथ लाएगी, जिससे हम विशिष्ट वित्तीय सेवाएं प्रदान कर सकेंगे और अपने वैश्विक कारोबार के लिए दीर्घकालिक तथा टिकाऊ विकास के नए आधार तैयार कर सकेंगे.’’