जयपुर स्थापना का 300वॉ साल।
‘आपणो जयपुर-हरित संगम’’ महोत्सव के अंतर्गत ’स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर जयपुर’ विषयक संवाद कार्यक्रम
छात्राओं ने जयपुर को ’स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर’ बनाने का लिया संकल्प
जयपुर, दिव्यराष्ट्र: जयपुर स्थापना के 300 साल में प्रवेष करने पर मंगलवार को एस.एस.जैन सुबोध पी.जी. महिला महाविद्यालय जयपुर में ‘आपणो जयपुर हरित संगम’ महोत्सव के प्री-कार्यक्रम के अंतर्गत ’स्वच्छ, स्वास्थ्य एवं सुंदर जयपुर’ विषयक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि फिक्की फ्लो जयपुर चैप्टर की संस्थापक अध्यक्ष एवं आपणो जयपुर हरित संगम महोत्सव की अध्यक्ष नीता बूचरा (जैन) एवं विषिष्ट अतिथि सह-सचिव धनञ्जय सिंह थे।
छात्राओं से संवाद करते हुए बूचरा ने कहा कि ’स्वच्छ जयपुर, स्वस्थ जयपुर, सुंदर जयपुर’ केवल तीन शब्दों का नारा नहीं है, बल्कि एक विकसित, जागरूक और जिम्मेदार जयपुर की परिकल्पना है। तीन सौ साल पहले महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने जयपुर के रूप में केवल एक नगर की स्थापना नहीं थी, बल्कि दूरदर्शिता, वैज्ञानिक सोच, स्थापत्य कला, सुव्यवस्थित नगर नियोजन और सांस्कृतिक समृद्धि की भी स्थापना कर दुनिया के सामने एक अद्भुत उदाहरण खड़ा किया था।
उन्होंने कहा कि जयपुर को हमारे पूर्वजों ने इतनी दूरदर्शिता और सुंदरता के साथ बसाया है, उस पर न केवल हम विरासत पर गर्व करें बल्कि उसे स्वच्छ, स्वस्थ, सुंदर और सुरक्षित रखने के साथ इस विरासत को सहेजने की जिम्मेदारी भी निभाएं। जयपुर अगले तीन सौ सालों तक देश दुनिया में अपनी पहचान कायम रख सके इसके लिए हमको स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा, पर्यावरण इत्यादि विषयों पर काम करना होगा। अपने जन्म दिवस, वैवाहिक वर्षगांठ इत्यादि मांगलिक कार्यों में पौधारोपण कर उसका संरक्षण करने की आदत डालें। हम घर में गीला-सूखा कचरे का वर्गीकरण, आस-पास की स्वच्छता, वृक्षारोपण, पर्यावरण विषयक मंगल संवाद, परंपरागत गीतों का सरंक्षण इत्यादि से जुडा कुछ न कुछ कार्य संकल्पित होकर करें। इस असवर पर बूचरा ने ‘आपणो जयपुर-आपणो गौरव’ और आपणो जयपुर-आपणी जिम्मेदारी’ दो ध्येय वाक्य छात्राओं के सामने रखने के साथ हर जन की सहभागिता से ही जयपुर अगले तीन सौ सालों तक बेहतर बन सकता है की बात कही।
सह-सचिव धनञ्जय सिंह ने कहा कि आपणों जयपुर हरित संगम केवल कार्यक्रम नहीं हैं यह स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर जयपुर बनाने और उसे ऐसा बनाए रखने का एक जनजागरण है, जो केवल एक दिन माह नहीं सालों साल तक चलने वाला है। हमको पुरखों ने जो जयपुर सौंपा है उसे और बेहतर बनाकर आगे की पीढ़ी को सौंपे इसके लिए स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा इत्यादि से जुडे कार्य हम करने का संकल्प लेकन यहां से जाएं।
कार्यक्रम में एस एस जैन सुबोध पी जी महिला महाविद्यालय जयपुर की प्रिंसिपल स्वाति जैन ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए उपस्थित छात्राओं को स्वच्छ स्वस्थ एवं सुंदर जयपुर बनाने का संकल्प दिलाया।