
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र: देश के सबसे बड़े व्यापारिक एवं औद्योगिक आयोजनों में शामिल 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 14 से 27 नवंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। ‘विकास और विरासत’ की थीम पर आयोजित होने वाले इस मेले में देश-विदेश के 3500 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। मेले में 32 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के साथ 11 देशों की भागीदारी रहेगी। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 13 नवंबर को मुख्य अतिथि के रूप में मेले का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में पद्मश्री सम्मानित गुरु माधवी मुद्गल एवं उनका समूह ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति देगा।
इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष जावेद अशरफ ने नई दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इस वर्ष का व्यापार मेला भारत की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध विरासत का जीवंत प्रतिबिंब होगा। मेले में 17 प्रदर्शनी हॉल में एक लाख वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। पिछले वर्ष लगभग 18 लाख लोगों ने मेले का भ्रमण किया था और इस बार इससे भी अधिक दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष विशेष रूप से युवाओं, स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। मेले में लगभग 600 भारतीय स्टार्टअप अपनी तकनीक और नवाचार का प्रदर्शन करेंगे। इसके माध्यम से युवाओं को नए विचारों, उद्यमिता और भविष्य की संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
चार साझेदार और चार फोकस राज्य
मेले में बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश साझेदार राज्य होंगे, जबकि असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस राज्यों के रूप में शामिल होंगे। इनके अतिरिक्त 32 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधि अपने क्षेत्रीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उद्योगों, पर्यटन, संस्कृति और विकास संबंधी उपलब्धियों को प्रदर्शित करेंगे।
इस वर्ष 51 केंद्रीय मंत्रालयों, सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की भागीदारी भी रहेगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर थाईलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किये, चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश सहित 11 देशों के प्रदर्शक अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। इससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश और कारोबारी साझेदारी को नए अवसर मिलेंगे।
600 स्टार्टअप और ओडीओपी पवेलियन होंगे विशेष आकर्षण
आईआईटीएफ-2026 में कई नई पहलें शुरू की जा रही हैं। हॉल नंबर 14 में स्थापित ‘हॉल ऑफ इंस्पिरेशन’ में लगभग 600 स्टार्टअप अपने नवाचार प्रदर्शित करेंगे। इनमें डीप टेक, एग्री टेक, ड्रोन, अंतरिक्ष तकनीक, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा तकनीक से जुड़े स्टार्टअप शामिल होंगे।
वहीं, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ पवेलियन में 21 राज्यों के जिला-विशेष उत्पादों, पारंपरिक शिल्प, खानपान और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और छोटे व्यवसायों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ना है।
युवाओं और परिवारों के लिए एक विशेष डिजिटल एवं इंटरैक्टिव अनुभव क्षेत्र भी तैयार किया गया है, जहां मनोरंजन के साथ शिक्षा और तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
90 से अधिक फूड आउटलेट, भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का स्वाद
मेले में खानपान के शौकीनों के लिए 90 से अधिक आउटलेट वाला विश्वस्तरीय फूड कोर्ट तैयार किया गया है। यहां भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का आनंद लिया जा सकेगा। खाद्य गुणवत्ता, स्वच्छता, जीरो-वेस्ट व्यवस्था और प्लास्टिक के कम उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
87 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बिखेरेंगी भारतीय संस्कृति के रंग
व्यापार मेले में कारोबार के साथ-साथ भारतीय कला और संस्कृति की भी विशेष छटा देखने को मिलेगी। सात अलग-अलग मंचों पर 87 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगीत कार्यक्रम और नृत्य आयोजन होंगे। इनमें 19 राज्यों की सांस्कृतिक संस्थाओं और कलाकारों की भागीदारी रहेगी।
प्रमुख आकर्षणों में ‘द मंगनियार सेडक्शन’, ‘ताल फ्राई’, हरिहरन एवं पृथ्वी गंधर्व, शहजाद अली, सलीम-सुलेमान तथा नाइजीरिया के कलाकारों की भागीदारी वाला ‘रूहानियत’ कार्यक्रम शामिल हैं। इन विशेष कार्यक्रमों के टिकट बुकमायशो के माध्यम से उपलब्ध होंगे। अन्य राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आईआईटीएफ प्रवेश टिकट के साथ निःशुल्क देखी जा सकेंगी।
एमएसएमई और छोटे उद्यमियों को मिलेगा बड़ा बाजार
आईआईटीएफ केवल व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, स्टार्टअप और छोटे कारोबारियों के लिए बाजार विस्तार का महत्वपूर्ण मंच भी है। यहां उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, संभावित खरीदारों से संपर्क और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने का अवसर मिलेगा।
आईटीपीओ भारतीय स्टार्टअप को पेरिस में आयोजित विवाटेक और आगामी सिंगापुर फिनटेक फेस्टिवल जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है। इसका उद्देश्य छोटे शहरों और टियर-2 एवं टियर-3 शहरों में विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम को वैश्विक पहचान दिलाना है।
आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
भारत मंडपम को आधुनिक प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कई कदम उठाए जा रहे हैं। हॉल नंबर 1 और 14 में लगभग 1000-1000 वर्ग मीटर के एलईडी मेश इंस्टॉलेशन लगाए जाएंगे। पूरे परिसर में लगभग 100 एलईडी स्क्रीन स्थापित करने की योजना है, जिनमें से 30 से अधिक स्क्रीन मेले के दौरान लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त लगभग 2000 दर्शकों की क्षमता वाले प्रस्तावित सांस्कृतिक केंद्र की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
आगंतुकों की सुविधा के लिए मीडिया लाउंज, प्रोटोकॉल लाउंज, शटल सेवाएं, गोल्फ कार्ट, कैब एवं पार्किंग जोन, दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर सहायता, बी 2बी नेटवर्किंग सुविधाएं और खोया-पाया केंद्र उपलब्ध रहेंगे। दिल्ली पुलिस और आईटीपीओ के सहयोग से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चिकित्सा केंद्र, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
19 नवंबर से आम जनता के लिए खुलेगा मेला
मेले के शुरुआती पांच दिन यानी 14 से 18 नवंबर तक बिजनेस डे होंगे, जो बी 2बी आगंतुकों के लिए आरक्षित रहेंगे। आम जनता के लिए मेला 19 से 27 नवंबर तक खुलेगा। मेले का समय सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक रहेगा। आम दर्शकों का प्रवेश शाम 5:30 बजे तक होगा।
प्रवेश टिकट ऑनलाइन मोबाइल ऐप और दिल्ली मेट्रो के 55 चयनित स्टेशनों पर ऑफलाइन उपलब्ध होंगे। बिजनेस डेज और सामान्य दिनों के लिए सीजन टिकट की सुविधा भी रहेगी। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को वैध सरकारी पहचान पत्र दिखाने पर सामान्य दिनों में निःशुल्क प्रवेश मिलेगा।
आगंतुकों के प्रवेश के लिए भैरों रोड स्थित गेट नंबर 3 और 4 तथा मथुरा रोड स्थित गेट नंबर 6 और 10 निर्धारित किए गए हैं।
ट्रेड फेयर का आधिकारिक मोबाइल ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध होगा। इसके माध्यम से टिकट बुकिंग, पंजीकरण, इंटरैक्टिव वेन्यू मैप, प्रदर्शकों एवं पवेलियन की जानकारी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का कैलेंडर और बिजनेस नेटवर्किंग जैसी सुविधाएं प्राप्त की जा सकेंगी। ऐप में आईटीपीओ हेल्पडेस्क और एक क्लिक पर आपातकालीन सहायता की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
इस प्रकार आईआईटीएफ-2026 व्यापार, निवेश, तकनीक, नवाचार, उद्यमिता और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को एक साझा मंच पर लाकर देश की आर्थिक एवं सांस्कृतिक विविधता का व्यापक प्रदर्शन करेगा।




