
सुंदर पिचई शीर्ष स्थान पर, उनके नेतृत्व में अल्फाबेट का मूल्यांकन 4.2 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर हुआ
मुंबई, दिव्यराष्ट्र: एचएसबीसी इंडिया और हुरुन इंडिया ने एचएसबीसी हुरुन ग्लोबल इंडियंस सूची 2026 जारी की। इस सूची में भारतीय मूल के व्यक्तियों के नेतृत्व वाली दुनिया की 200 सबसे अधिक मूल्यांकन वाली कंपनियों को शामिल किया गया है। कंपनियों को उनके मूल्यांकन के आधार पर स्थान दिया गया है। सूचीबद्ध कंपनियों के लिए बाज़ार पूंजीकरण (मार्केट कैपिटलाइज़ेशन) और गैर-सूचीबद्ध कंपनियों के लिए ‘हुरुन रिसर्च’ द्वारा तय किए गए मूल्यांकन को आधार माना गया है। इसके लिए 25 जून 2026 की तारीख को निर्धारक (कट-ऑफ) तिथि के रूप में लिया गया है। यह इस सूची का दूसरा संस्करण है, जो वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारतीय प्रवासियों की भूमिका को उजागर करता है। इस सूची में भारत के बाहर मुख्यालय वाली 200 कंपनियों के 236 प्रमुख हैं, जिनमें मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), प्रबंध निदेशक, चेयरपर्सन और संस्थापक शामिल हैं।
इस सूची में शामिल कंपनियों का कुल मूल्यांकन 15 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है, जो 2024 के पहले संस्करण में दर्ज 9.9 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से 53% अधिक है। वहीं, इस सूची में शामिल होने के लिए आवश्यक न्यूनतम मूल्यांकन (कट-ऑफ) दोगुने से भी अधिक बढ़कर 2.5 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया जो इससे पहले 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर था। सैन फ्रांसिस्को 40 लोगों के साथ रहने के लिए पसंदीदा शहरों की सूची में सबसे ऊपर है। ‘सॉफ्टवेयर एवं सेवा’ और ‘वित्तीय सेवा’ क्षेत्रों की कुल 84 कंपनियां इस सूची की 200 कंपनियों में शामिल हैं। इसमें शामिल लोगों की औसत आयु 55 वर्ष है और सूची में 16 महिलाएं भी हैं।
इस साल 76 कंपनियां पहली बार इस सूची में शामिल हुई हैं। सूची में शामिल 200 कंपनियों में से 127 कंपनियां शेयर बाज़ार में सूचीबद्ध हैं, जबकि 73 निजी कंपनियां हैं। इन सभी कंपनियों में कुल मिलाकर लगभग 53 लाख (5.3 मिलियन) लोग काम करते हैं। 2025 में इन कंपनियों ने 2.5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की आय (रेवेन्यू) अर्जित की और इनका कुल शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) 416 अरब अमेरिकी डॉलर रहा।
संदीप बत्रा, इंटरनेशनल वेल्थ और प्रीमियर बैंकिंग के प्रमुख, एचएसबीसी इंडिया ने कहा,”वैश्विक भारत (ग्लोबल इंडिया) उन लोगों और उद्योग की महत्वाकांक्षाओं की कहानी है, जो सीमाओं के पार जाकर भारत को दुनिया से जोड़ते हैं। यह महज विदेशों में भारतीयों की सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि इस बात का भी संकेत है कि ये वैश्विक जुड़ाव भारत और दुनिया, दोनों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल सकते हैं। एचएसबीसी में, हम अपने ग्राहकों को उनकी अंतरराष्ट्रीय महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में मदद कर रहे हैं, साथ ही यह भी सुनिश्चित करते हैं कि वे अपने देश (भारत) से भी जुड़े रहें।”
अनस रहमान जुनैद, संस्थापक और मुख्य शोधकर्ता, हुरुन इंडिया ने कहा,”ग्लोबल इंडियंस (वैश्विक स्तर पर कार्यरत भारतीय) की पहुंच हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी में इस कदर रची-बसी है कि अक्सर हमें इसका अहसास तक नहीं होता। चाहे आप गूगल पर कुछ भी ढूंढें, यूट्यूब पर वीडियो देखें, व्हाट्सएप पर मैसेज भेजें, माइक्रोसॉफ्ट विंडोज़ पर काम करें, फेडेक्स के जरिए कोई पार्सल भेजें, या घर पर प्रॉक्टर एंड गैंबल के किसी उत्पाद का इस्तेमाल करें, इन सबके पीछे जो कंपनियां हैं, उनका नेतृत्व भारतीय मूल के लोग ही कर रहे हैं। ये ऐसी कंपनियां नहीं हैं जिनके बारे में हम सिर्फ पढ़ते हैं, बल्कि ये वे कंपनियां हैं जिनका हम हर दिन इस्तेमाल करते हैं।”
ग्लोबल इंडियंस न केवल उपभोक्ता ब्रांड का नेतृत्व कर रहे हैं, बल्कि वे उन प्रणालियों का भी परिचालन रहे हैं जिन पर पूरी दुनिया निर्भर है। माइक्रोन मेमोरी चिप बनाती है जिनके ज़रिये एआई काम करता है। पालो ऑल्टो नेटवर्क्स और ज़ेडस्केलर कॉर्पोरेट नेटवर्क की सुरक्षा करते हैं। और डीपी वर्ल्ड तथा फेडेक्स व्यापार को सुचारू रूप से जारी रखते हैं। दुनिया में सबसे अधिक प्रभाव उन्हीं का होता है, जिनकी जगह लेना आसान नहीं होता। इस लिहाज़ से भारतीय मूल के कॉर्पोरेट दिग्गजों ने अपनी अलग पहचान बनाई है।





