
जोधपुर, दिव्य राष्ट्र। जीत यूनिवर्स में कंप्यूटर एप्लिकेशन्स विभाग द्वारा ‘एआई-ड्रिवन प्रिडिक्टिव एनालिटिक्स विद क्वांटम कंप्यूटिंग फॉर इंडस्ट्री एप्लिकेशंस’ विषय पर आयोजित छह दिवसीय नेशनल फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का समापन हुआ। अंतिम सत्र में एआई व क्वांटम रिसर्च पर मंथन के बाद 50 से अधिक प्रतिभागी फैकल्टी मेंबर्स को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। उल्लेखनीय है कि यह एफडीपी एआईसीटीई की अटल योजना के तहत आयोजित किया गया।
अंतिम दिन के सत्र में सीएस टेक वर्ल्ड के निदेशक एहतेशामुद्दीन ने मुख्य वक्ता के तौर पर ‘रिसर्च ट्रेंड्स इन एआई एंड क्वांटम कंम्यूटिंग फॉर प्रिडिक्टिव एनालिटिक्स’ विषय पर तकनीकी व्याख्यान दिया। इसमें उन्होंने एआई मॉडल, क्वांटम एल्गोरिदम और डेटा-ड्रिवन निर्णय क्षमता के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम रिसर्च एवं भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी।
मेजबान जीत यूनिवर्स के निदेशक डॉ. अवनीश बोरा ने एफडीपी के समापन समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि यह एफडीपी फैकल्टी के रिसर्च स्किल को निखारने में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इसके छह दिनों में देश भर के आईआईटी, एमएनआईटी एवं डीआरडीओ से आए वैज्ञानिकों व विषय विशेषज्ञों ने प्रतिभागी फैकल्टी मेंबर्स को आधुनिक एआई तकनीकों, प्रेडिक्टिव मॉडल व क्वांटम एल्गोरिदम का गहन प्रशिक्षण दिया।
प्रतिभागियों ने अपने फीडबैक में डीआरडीओ लैब्स के शैक्षणिक भ्रमण और हैंड्स-ऑन कंप्यूटर लैब सत्रों की सराहना की। एफडीपी संयोजिक डॉ. शालू दाधीच ने एफडीपी की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा सह-संयोजक लेफ्टिनेंट अनामिका चौधरी ने सभी अतिथियों, एआईसीटीई अटल एकेडमी एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।




