
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र:/ प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से कुछ फोटो हटवाने पर बीकानेर हाउस की ओर से जवाब आ गया है। बीकानेर हाउस मैनेजमेंट सोसाइटी का कहना है कि रेहान वाड्रा ने प्रदर्शनी में जो तस्वीरें लगवाईं, उनमें से कुछ तस्वीरें उसकी नीतियों के खिलाफ थीं, इसलिए उन्हें हटाने को कहा गया। बता दें कि इस मामले को लेकर प्रियंका गांधी, उनके पति रॉबर्ट वाड्रा और रेहान वाड्रा के अलावा कांग्रेस पार्टी की ओर से खूब बवाल किया जा रहा है।
कुछ तस्वीरें सोसाइटी की नीति के विरुद्ध’
प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की तस्वीरों की यह प्रदर्शनी दिल्ली के बीकानेर हाउस में आयोजित की गई थी। अब बीकानेर हाउस की ओर से कहा गया है कि प्रदर्शनी में जितनी तस्वीरें डिस्प्ले की गईं, उनमें से कुछ उसकी नीतियों के खिलाफ थीं।
सोसाइटी की नीतियों का पालन करना जरूरी
मैनेजमेंट ने आगे कहा है, ‘बीकानेर हाउस एक जन सांस्कृतिक संस्था है, जो कला और संस्कृति के प्रमोशन के लिए समर्पित है। प्रदर्शनी और उससे जुड़ी गतिविधियों को निश्चित रूप से बीकानेर हाउस मैनेजमेंट सोसाइटी की नीतियों का पालन करना होगा। जो तस्वीरें सोसाइटी की नीति के अनुरूप होंगी, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।’
दिल्ली प्रोटेस्ट से जुड़ी थी रेहान की तस्वीरें
इससे पहले रेहान वाड्रा ने आरोप लगाया था कि उनकी प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ के खुलने से चंद घंटे पहले उसमें प्रदर्शित की गईं 105 में से 75 तस्वीरों को हटाने के लिए कह दिया गया। उन्होंने खुद माना है कि ये सारी तस्वीरें ‘दिल्ली प्रोटेस्ट’ से जुड़ी थीं। इसके बाद इनकी मां और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बिना नाम लिए मोदी सरकार पर निशाना साधा था। वहीं रेहान के पिता रॉबर्ट वाड्रा भी लोकतंत्र की दुहाई दे रहे थे।
बीकानेर हाउस बुकिंग पॉलिसी में राजनीतिक सामग्री की प्रदर्शनी की मनाही
बीकानेर हाउस की बुकिंग पॉलिसी में इस बात का स्पष्ट जिक्र किया गया है कि ‘प्रदर्शनी में जो भी फोटो,पेंटिंग या आर्ट वर्क्स प्रदर्शित की जाएंगी, उसमें किसी भी सूरत में नग्नता, सांप्रदायिकता या राजनीतिक सामग्री नहीं होगी। ऐसी किसी भी प्रदर्शित चीज को तत्काल हटा दिया जाएगा। इस गाइडलाइंस का उल्लंघन करने वालों का कार्यक्रम बिना रिफंड के तत्काल रद्द कर दिया जाएगा।’
रेहान वाड्रा का आरोप- मुझे शो कैंसिल करने दी गई धमकी
बीकानेर हाउस प्रदर्शनी में तस्वीरें हटाए जाने के विवाद पर, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा ने रिएक्ट किया है। उन्होंने कहा कि मैं वहां अपनी टीम के साथ काम कर रहा था, तभी कुछ लोग आए। उन्होंने हमसे बात की और हमारी आपस में कुछ बहस भी हुई। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इसे सेंसरशिप बताया और बीजेपी पर सवाल उठाए हैं।
बीकानेर हाउस प्रबंधन ने मुझसे संपर्क किया
रेहान वाड्रा ने कहा कि कल शाम 7 बजे मेरा शो शुरू होने वाला था। शो का नाम ‘नो आइडिया इज फाइन’ था। शो शुरू होने से 24 घंटे पहले, बीकानेर हाउस प्रबंधन ने मुझसे संपर्क किया और कहा कि कुछ तस्वीरें उनकी पॉलिसी के खिलाफ हैं। मैंने कहा कि ‘मुझे बताएं कि कौन सी तस्वीरें हैं; आइए इस पर चर्चा कर लें।’ अगले दिन तक उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया। फिर डिप्टी रेजिडेंट कमिश्नर ने संपर्क किया और कहा कि हमें ये सभी तस्वीरें हटानी होंगी।
70 तस्वीरें हटाने के लिए कहा गया
उन्होंने कहा, ‘नहीं, इन 70 तस्वीरों में से कोई भी नहीं लगाई जाएगी।’ उन्होंने 3:30 बजे मुझे एक नोटिस भेजा जिसमें लिखा था, ‘अगर आप 5 बजे तक इन्हें नहीं हटाते हैं, तो बिल्डिंग को सील कर दिया जाएगा और प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी।’ फिर हमने उनकी बात मान ली। हमने तस्वीरों को पलट दिया, ताकि केवल फ्रेम का पिछला हिस्सा ही दिखाई दे।’ उन्हें इस बात से दिक्कत थी। हमने उन्हें हटाया और एक तरफ ढेर लगा दिया। उन्हें इससे भी दिक्कत थी। हमने उन्हें स्टोर में रख दिया।
तिरंगे की दो तस्वीर पर भी प्रबंधन ने उठाए सवाल
रेहान वाड्रा ने कहा कि मैंने भारतीय तिरंगे की दो तस्वीरें वहीं रहने दीं, तो उन्होंने कहा, ‘इसे हटा दो।’ मैंने कहा, ‘यह आपकी पॉलिसी के खिलाफ कैसे हो सकता है? भला यह आपकी पॉलिसी के खिलाफ कैसे होगा?’ मैंने उनसे कहा, ‘मुझे लिखकर दीजिए कि आप चाहते हैं कि मैं भारतीय तिरंगे की तस्वीर हटा दूं।’ उन्होंने ऐसा नहीं किया। तो वे वहीं थीं, और फिर मैं कपड़े बदलने के लिए घर चला गया। उन्होंने खुद ही एक तस्वीर हटा दी। इसलिए अब एक बची हुई है, अगर आपने उसे देखा हो तो।’
तस्वीरें क्यों हटाई गई, नहीं बताई ठोस वजह’
रेहान वाड्रा ने कहा कि मैंने उनसे तस्वीरें हटाए जाने को लेकर बार-बार ठोस कारण बताने को कहा, लेकिन उन्होंने कोई ठोस वजह नहीं बताई। नोटिस में भी बस इतना लिखा है कि ‘यह पॉलिसी का उल्लंघन है’। प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान ने आगे कहा कि मैंने यहां कई शो किए हैं और यहां काम करने वाले सभी लोगों के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं। मुझे नहीं पता कि मैंने कौन सी पॉलिसी का उल्लंघन किया है। क्यों ये कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई को लेकर कहीं और से कोई दबाव था या नहीं, ये भी मुझे नहीं पता।
कलाकारों की अभिव्यक्ति की आजादी पर रोक नहीं लगा सकते’
रेहान वाड्रा ने ये भी कहा कि इन संस्थानों को जिम्मेदार होना चाहिए। वे कलाकारों की अभिव्यक्ति की आजादी पर सिर्फ इसलिए रोक नहीं लगा सकते क्योंकि उन्हें यह बात पसंद नहीं आती। अगर कल यहां कोई और प्रबंधन हो और वे कुछ हटा दें, तो वह भी गलत ही होगा। अभिव्यक्ति की आजादी और कला पर किसी भी तरह की रोक लगाना गलत है। अपनी मां, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के उनके समर्थन में खड़े होने पर उन्होंने कहा कि मैं उनसे सहमत हूं। मैं खुशकिस्मत हूं कि मेरा परिवार मेरे साथ खड़ा है।
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बेटे का समर्थन किया
प्रियंका गांधी ने लिखा, ”जब ताकत रखने वाला कोई व्यक्ति दूसरे की अभिव्यक्ति से डरने लगता है तो उसे एहसास नहीं होता कि वह उस ताकत को पहले ही खो चुका है जिसे बचाने की वह कोशिश कर रहा है। आप सच्चाई के साथ खड़े हैं और हर खूबसूरत चीज अपना रास्ता खोज लेगी। मुझे आप पर गर्व है और हमेशा रहेगा।”
इससे पहले रेहान के पिता और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा ने भी अपने बेटे की पोस्ट शेयर की थी। वहीं कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर तिरंगा भी सेंसरशिप से सुरक्षित नहीं है तो समस्या कला में नहीं बल्कि व्यवस्था में है। खेड़ा के मुताबिक, प्रदर्शनी से करीब 74 कलाकृतियां हटाई गईं जिनमें से लगभग आधी को राजनीतिक बताया गया था।



