
मुंबई, दिव्यराष्ट्र:/ भारत के नंबर 1 विश्वसनीय रूफटॉप सोलर सॉल्यूशंस प्रदाता टाटा पावर सोलारूफ, जो टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (टपरिल) का एक प्रभाग है, ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान कंपनी ने 88,397 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन पूरे किए, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 66,447 इंस्टॉलेशन की तुलना में 33% की साल-दर-साल वृद्धि है। इस दौरान कंपनी ने 426 एम डब्ल्यूपी की स्थापित क्षमता भी जोड़ी, जो 15% की वाईओवाई वृद्धि है।
वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में कंपनी ने 1,68,530 से अधिक इंस्टॉलेशन पूरे किए, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 50% की वृद्धि है। इस दौरान कुल 801 एम डब्ल्यूपी रूफटॉप सोलर क्षमता स्थापित की गई, जो 25% की वृद्धि दर्शाती है।
इस मजबूत प्रदर्शन के साथ टाटा पावर सोलारूफ के देशभर में संचयी रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन 5,75,000 तक पहुंच गए हैं, जबकि कुल स्थापित क्षमता 5.67 जीडब्ल्यूपी से अधिक हो गई है। कंपनी आवासीय और कमर्शियल एवं इंडस्ट्रियल (सी एंड एल ) दोनों सेगमेंट में अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए हुए है। क्रिसिल द्वारा लगातार 12 वर्षों से भारत की नंबर 1 रूफटॉप सोलर कंपनी के रूप में मान्यता प्राप्त टाटा पावर सोलारूफ लगातार बाजार में अपनी अग्रणी स्थिति मजबूत कर रही है।
पिछले छह महीनों में उत्तर प्रदेश कंपनी का सबसे बड़ा योगदानकर्ता रहा, जहां 44,014 इंस्टॉलेशन के साथ लगभग 172 एम डब्ल्यूपी क्षमता स्थापित की गई। महाराष्ट्र में 22,165 इंस्टॉलेशन और करीब 100 एम डब्ल्यूपी क्षमता, राजस्थान में 21,275 इंस्टॉलेशन और 99 एम डब्ल्यूपी क्षमता तथा केरल में 15,477 इंस्टॉलेशन और लगभग 65 एम डब्ल्यूपी क्षमता स्थापित की गई।
कंपनी प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत देश में रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अपने प्रमुख ‘घर घर सोलर’ अभियान के माध्यम से टाटा पावर सोलारूफ लोगों में जागरूकता बढ़ाने और घर-घर स्वच्छ एवं किफायती सौर ऊर्जा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
टाटा पावर सोलारूफ आवासीय, कमर्शियल और इंडस्ट्रियल ग्राहकों के लिए एंड-टू-एंड रूफटॉप सोलर समाधान उपलब्ध कराता है। इसके समाधानों में 25 वर्षों की परफॉर्मेंस वारंटी वाले सोलर मॉड्यूल, लचीले फाइनेंसिंग विकल्प, इंश्योरेंस कवरेज और आफ्टर-सेल्स सर्विस शामिल हैं। कंपनी का देशभर में 740+ चैनल पार्टनर्स का मजबूत नेटवर्क है।


