
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र:/ भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन एवं भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मेलन में देश के 24 राज्यों एवं 2 केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 1000 व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लेकर व्यापारी एकता और संगठनात्मक शक्ति का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए व्यापार और कारोबार को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जीएसटी, ऑनलाइन व्यापार तथा अन्य कारोबारी मुद्दों पर व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।
सम्मेलन की अध्यक्षता भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री मुकुंद मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद साधना सिंह तथा पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं व्यापारी नेता उपस्थित रहे।
सम्मेलन में स्थानीय उत्पाद, स्थानीय व्यापार और स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। व्यापारियों ने “लोकल फॉर ग्लोबल” अभियान के तहत देश के 500 जिलों के लक्ष्य को बढ़ाकर 1000 जिलों तक करने की मांग उठाई। राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने कहा कि स्थानीय उत्पादन और व्यापार को बढ़ावा देने से रोजगार सृजन होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक बाजार मिलेगा।
बैठक में ई-कॉमर्स के लिए प्रभावी नियामकीय व्यवस्था, छोटे एवं पारंपरिक व्यापारियों के संरक्षण, एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करने तथा प्रत्येक जिले में व्यापारी सहायता समूहों के गठन जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके अलावा एक देश-एक मंडी टैक्स, मंडी सेस में कमी, जीएसटी राहत, एमनेस्टी योजना और एफएसएसएआई नियमों के सरलीकरण संबंधी मांगों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इन विषयों पर विस्तृत प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने का निर्णय लिया गया।
वक्ताओं ने संगठन के संस्थापक स्व.श्याम बिहारी मिश्रा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा शुरू किया गया व्यापारी हित संरक्षण का आंदोलन आज राष्ट्रीय स्वरूप धारण कर चुका है और देशभर में संगठन की इकाइयां उसी संकल्प के साथ कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने जनवरी 2027 में भारत मंडपम, नई दिल्ली में “लोकल टू ग्लोबल राष्ट्रीय व्यापार सम्मेलन” आयोजित करने की घोषणा की। इसका उद्देश्य युवा उद्यमिता, स्थानीय उत्पादन, स्थानीय व्यापार और स्थानीय पर्यटन को नई गति प्रदान करना होगा।




