
26-28 जून तक वाइल्डलाइफ मंथन करेंगे एक्सपर्ट्स
जस्टिस धर्मेश शर्मा, वी. पी. सिंह बदनोर, डॉ. लतिका नाथ, अभिनेता राहुल सिंह समेत मशहूर वन्यजीव विशेषज्ञ होंगे शामिल
11 श्रेणियों में दिए जाएँगे अवॉर्ड्स
जयपुर, सवाई माधोपुर, दिव्यराष्ट्र: बाघ संरक्षण की अलख जगाने और वाइल्ड लाइफ से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मंथन करने के उद्देश्य से लिव4फ्रीडम एलएलपी की ओर से 5वें रॉयल रणथंभौर इंटरनेशनल टाइगर वीक (आईटीडब्ल्यू) का आयोजन किया जा रहा है। 26 से 28 जून तक रणथंभौर के आमाघाटी वाइल्डलाइफ रिज़ॉर्ट और कैसल झूमर बावड़ी में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की थीम सर्वश्रेष्ठ बाघों का संरक्षण (कंजर्व इंडियाज़ फाइनेस्ट टाइगर्स) रखी गई है।
लिव4फ्रीडम के पार्टनर आनंद भारद्वाज और सुनील मंगल ने बताया कि यह इवेंट संरक्षण, सरकार, पर्यटन, बिज़नेस और सिविल सोसाइटी के लीडर्स को एक साथ लाता है, ताकि वे सब मिलकर भारत के बाघों के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प ले सकें। पहले दिन दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश धर्मेश शर्मा और पंजाब के पूर्व राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक वी.पी. बदनौर के स्वागत उद्बोधन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद ‘भारत के बाघों का भविष्य: संकट, रिकवरी और लंबे समय तक अस्तित्व’ विषय पर कंजर्वेशन ईकोलॉजिस्ट, लेखिका और फोटोग्राफर डॉ. लतिका नाथ अपने विचार रखेंगी। वहीं ‘इंसानों के वर्चस्व वाले इलाके में बाघ’ विषय पर वाइल्ड लाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष व सीईओ डॉ. अनिश अंधेरिया चर्चा करेंगे। वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट और सफारी गाइड विजय सिंह मीणा बाघों से जुड़े रोमांचक किस्सों को साझा करेंगे। इस दौरान भारत के ख्यात बाघों ‘डॉलर’, ‘चार्जर’, ‘पारो’, ‘कॉलरवाली’, ‘मछली’, ‘माया’ पर विशेष संवाद सत्र होगा। इसी के साथ ऑडियो—विजुअल प्रेजेंटेशन रॉयल रणथंभौर— कंजर्व इंडियाज फाइनेस्ट टाइगर भी पेश की जाएंगी।
दूसरे दिन एक्टर, स्क्रीनराइटर और प्रोड्यूसर राहुल सिंह बाघ संरक्षण में सिनेमा के योगदान पर प्रकाश डालेंगे। वाइल्डलाइफ एसओएस के कोफाउंडर और सीईओ कार्तिक सत्यनारायण बाघ संरक्षण के उपायों पर चर्चा करेंगे। ‘ज़िम्मेदार सफ़ारी: अधिकार, नियम और सम्मान’ विषय पर आउटलुक ट्रैवलर की डिजिटल एडिटर अंतारा चटर्जी, इंडिट असोसिएट्स के पार्टनर अभिषेक कुमार, क्लाइमेट बॉन्ड्स की साउथ एशिया हेड नेहा कुमार और मंडावा ग्रुप ऑफ होटल्स के डायरेक्टर कुंवर अंगद देव विचार रखंगे।
कार्यक्रम में आयोजित होने वाला कंजर्वेशन अवॉर्ड्स समारोह भी प्रमुख आकर्षण रहेगा, जिसमें वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरणीय सरोकारों को मजबूत करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
*सम्मान 11 श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे:*
•टाइगर रिजर्व ऑफ द ईयर
•मुख्यमंत्री ऑफ द ईयर – वाइल्डलाइफ लीडरशिप अवॉर्ड
•वाइल्डलाइफ वार्डन ऑफ द ईयर
•एंटी-पोचिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड
•कॉर्पोरेट लीडरशिप इन कंजर्वेशन अवॉर्ड
•वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर / फिल्म ऑफ द ईयर
•जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर – वाइल्डलाइफ एवं पर्यावरण
•इनोवेटिव कंजर्वेशन प्रोजेक्ट ऑफ द ईयर
•ह्यूमन-वाइल्डलाइफ को-एग्जिस्टेंस अवॉर्ड
•कंजर्वेशनिस्ट ऑफ द ईयर
•लाइफटाइम अचीवमेंट इन वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन
इन पुरस्कारों का चयन एक प्रतिष्ठित जूरी द्वारा किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता वी. पी. सिंह बदनौर, पंजाब के पूर्व राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के पूर्व प्रशासक करेंगे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर की वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी प्रतियोगिता तथा टाइगर कंजर्वेशन पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे आमजन की संरक्षण गतिविधियों में भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त, वन संरक्षण की अग्रिम पंक्ति में कार्यरत वनकर्मियों के योगदान और समर्पण को सम्मानित करने के लिए एक विशेष कल्याणकारी पहल भी संचालित की जाएगी।





