31 अक्टूबर को जयपुर क्रिटिकॉन 2026 का आयोजन, क्रिटिकल केयर के राष्ट्रीय विशेषज्ञ साझा करेंगे अनुभव
राष्ट्रीय फैकल्टी के साथ राजस्थान के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ देंगे 40 से अधिक व्याख्यान
दिव्य राष्ट्र, जयपुर, 29 अक्टूबर। इंडियन सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन (आईएससीसीएम), जयपुर की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को जयपुर क्रिटिकॉन 2026 का आयोजन राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), झालाना, जयपुर में होने जा रहा है। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मोहित के. रॉय, आयोजन सचिव डॉ. निखिल अजमेरा और कोषाध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर गौड़ ने बताया कि ‘सेप्सिस स्टूवर्डशिप’ थीम पर आधारित इस कॉन्फ्रेंस में देश के प्रमुख विशेषज्ञ जैसे कोलकाता से डॉ. सुभाष के. टोडी; नई दिल्ली से डॉ. राजेश पांडे, डॉ. अनिर्बान होम चौधरी और डॉ. कपिल देव सोनी; तथा गुरुग्राम से डॉ. नेहा गुप्ता शामिल होंगे। इनके अतिरिक्त, राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले प्रतिष्ठित विशेषज्ञों द्वारा 40 से अधिक व्याख्यान दिए जाएंगे, जिनमें क्रिटिकल केयर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, नवीन उपचार पद्धतियों और व्यावहारिक अनुभवों को साझा किया जाएगा।
कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य चिकित्सकों को एक साझा मंच पर लाकर गहन चिकित्सा की चुनौतियों, आधुनिक उपचार पद्धतियों और बेहतर मरीज प्रबंधन पर सार्थक संवाद करना है। वैज्ञानिक सत्रों में सेप्सिस एवं सेप्टिक शॉक की समय पर पहचान, उचित उपचार, एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग और आईसीयू में मरीजों की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। आयोजकों ने बताया कि विशेषज्ञ व्याख्यानों, केस आधारित चर्चाओं और वैज्ञानिक प्रस्तुतियों के माध्यम से चिकित्सकों को नवीन जानकारियों से लाभान्वित होने का अवसर मिलेगा। युवा चिकित्सकों और प्रशिक्षणरत विशेषज्ञों के लिए पेपर एवं ई-पोस्टर प्रस्तुतियाँ तथा क्विज भी शैक्षणिक गतिविधियों का हिस्सा होंगे। यह आयोजन क्रिटिकल केयर सेवाओं की गुणवत्ता और गंभीर मरीजों की बेहतर देखभाल की दिशा में ज्ञान एवं अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।