नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र:/ भारत की महिला और पुरुष कबड्डी टीमें शुक्रवार से पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में खिताब जीतने के अभियान का आगाज करेंगी। अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 23 से 31 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में 13 देशों की 23 टीमें हिस्सा लेंगी। नौ दिनों तक चलने वाली चैंपियनशिप में कुल 62 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें पुरुष वर्ग के 39 और महिला वर्ग के 23 मैच शामिल हैं।
भारतीय महिला टीम शुक्रवार शाम 6:45 बजे मलेशिया के खिलाफ मैदान में उतरेगी, जबकि पुरुष टीम रात 8:30 बजे इंग्लैंड से भिड़ेगी। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला पुरुष वर्ग में केन्या और सिंगापुर के बीच सुबह 11 बजे खेला जाएगा। पहली बार कॉमनवेल्थ स्तर पर आयोजित हो रही यह चैंपियनशिप कबड्डी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
दो ग्रुप में बंटी टीमें, सेमीफाइनल के लिए कड़ा मुकाबला
पुरुष वर्ग की 13 टीमों को दो ग्रुप में रखा गया है। सात टीमों वाले ग्रुप ए में भारत के साथ नाइजीरिया, मलेशिया, युगांडा, इंग्लैंड, तंजानिया और श्रीलंका शामिल हैं। ग्रुप बी में बांग्लादेश, केन्या, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, स्कॉटलैंड और सिंगापुर की टीमें चुनौती पेश करेंगी।
महिला वर्ग में 10 टीमें दो ग्रुप में प्रतिस्पर्धा करेंगी। ग्रुप ए में भारत, सिंगापुर, नाइजीरिया, युगांडा और मलेशिया हैं, जबकि ग्रुप बी में बांग्लादेश, केन्या, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और श्रीलंका को जगह मिली है।
ग्रुप चरण में प्रत्येक टीम अपने ग्रुप की अन्य सभी टीमों से एक-एक मुकाबला खेलेगी। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। ग्रुप ए की विजेता का सामना ग्रुप बी की उपविजेता से होगा, जबकि ग्रुप बी की विजेता टीम ग्रुप ए की उपविजेता से भिड़ेगी।
पुरुष टीम का कार्यक्रम: सात दिन में छह मुकाबले
कप्तान सुरजीत सिंह और उपकप्तान नवीन कुमार 14 सदस्यीय भारतीय पुरुष टीम की अगुआई करेंगे। टीम में योगेश दहिया, शुभम शिंदे, दीपक सांकर, नितेश कुमार, परवेश भैंसवाल, अजीत पवार, सचिन तंवर, पंकज मोहिते, भरत हुड्डा, शिवम पटारे, नीरज नरवाल और आदित्य शिंदे शामिल हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती मुकाबले के बाद भारतीय टीम 24 अक्टूबर को युगांडा, 25 अक्टूबर को मलेशिया, 26 अक्टूबर को नाइजीरिया, 27 अक्टूबर को तंजानिया और 29 अक्टूबर को श्रीलंका से भिड़ेगी। भारत के सभी ग्रुप मुकाबले रात 8:30 बजे निर्धारित हैं। लगातार मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों की फिटनेस, रणनीति और निरंतर प्रदर्शन टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाएंगे।
महिला टीम की कमान निधि शर्मा के हाथों में
भारतीय महिला टीम की कप्तानी निधि शर्मा करेंगी, जबकि रितु उपकप्तान होंगी। 14 सदस्यीय टीम में मुस्कान शर्मा, सभाई गढ़वी, प्रिया, चंपा ठाकुर, रिया कुमारी, सुमन साहू, ज्योति, रितु मितरवाल, रेनुका चौधरी, सिमरन कंबोज, अनु सेन, साक्षी और कार्तिका रमेश शामिल हैं।
मलेशिया के खिलाफ पहले मुकाबले के बाद भारतीय महिला टीम 24 अक्टूबर को सिंगापुर, 25 अक्टूबर को युगांडा और 26 अक्टूबर को नाइजीरिया से खेलेगी। ये सभी मुकाबले शाम 6:45 बजे शुरू होंगे। महिला वर्ग का ग्रुप चरण 28 अक्टूबर को समाप्त होगा। भारतीय टीम की कोशिश शुरुआती मैचों में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की राह मजबूत करने की होगी।
30 अक्टूबर को सेमीफाइनल, 31 को खिताबी मुकाबले
चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबले 30 अक्टूबर को खेले जाएंगे। महिला वर्ग के सेमीफाइनल शाम 6 बजे और 6:45 बजे, जबकि पुरुष वर्ग के मुकाबले रात 8:30 बजे और 9:30 बजे होंगे।
प्रतियोगिता का समापन 31 अक्टूबर को होगा। महिला वर्ग का फाइनल शाम 7:30 बजे और पुरुष वर्ग का खिताबी मुकाबला रात 9 बजे खेला जाएगा।
चैंपियनशिप की थीम ‘वन ब्रीथ. वन रेड. वन कॉमनवेल्थ.’ रखी गई है, जो कबड्डी के रोमांच और कॉमनवेल्थ देशों के बीच खेल भावना को रेखांकित करती है।
एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एकेएफआई) द्वारा इंटरनेशनल कबड्डी फेडरेशन (आईकेएफ) की मंजूरी से आयोजित यह प्रतियोगिता कबड्डी के कॉमनवेल्थ स्तर पर विस्तार की संभावनाओं को भी सामने लाएगी। अहमदाबाद वर्ष 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की तैयारियों में जुटा है। ऐसे में इस चैंपियनशिप को शहर के खेल आयोजन अनुभव और कबड्डी की अंतरराष्ट्रीय पहचान, दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।