
आरजे एंड एंकर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आरएए इंडिया) की नई कार्यकारिणी की घोषणा
अजीत सिंह अध्यक्ष तथा डेविड एवं शिप्रा शर्मा बने उपाध्यक्ष
दिव्य राष्ट्र, जयपुर, 09 अप्रैल: आरजे एंड एंकर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आरएए इंडिया) द्वारा नई कार्यकारिणी के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन जयपुर के कूकस स्थित विरासत हेरिटेज रेस्टोरेंट में किया गया। फाउंडर्स मनु.के.मीना और दीपक गौतम ने बताया कि इस अवसर पर देश के विभिन्न शहरों से रेडियो जॉकी, एंकर, इवेंट मैनेजर एवं ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े प्रोफेशनल्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं तथा आपसी नेटवर्किंग और सहयोग को सशक्त बनाने पर जोर दिया। नई कार्यकारिणी में एंकर अजीत सिंह, अध्यक्ष; डेविड एवं शिप्रा शर्मा, उपाध्यक्ष; पल ओबेरॉय, महासचिव; कौशल सोनी, कोषाध्यक्ष; कुनाल धवर एवं रचित गुप्ता, संयुक्त सचिव; चेतन छाबड़िया, सांस्कृतिक प्रमुख रहे। इसके साथ ही आरएए इंडिया ने विभिन्न राज्यों के लिए अपने स्टेट एंबेसडर की भी घोषणा की जिसमें राजस्थान में कबीर सिंह; दिल्ली एन सी आर में साहिल बजाज; उत्तर प्रदेश में आरजे सुगंधा कपूर; पश्चिम बंगाल में सम्रागी खंडेलवाल और छत्तीसगढ़ में रानी साहू को चुना गया। कार्यक्रम में एक वार्षिक पत्रिका भी लॉन्च की गई, जिसमें सभी पंजीकृत एंकरों की जानकारी शामिल होगी और उसे प्रमुख होटल चेन तथा इवेंट इंडस्ट्री के नेटवर्किंग आयोजनों में उपलब्ध कराया जाएगा। आरएए इंडिया पिछले 10 वर्षों से आरजे एवं एंकर समुदाय के लिए निरंतर कार्यरत है। यह देश की एकमात्र ऐसी संस्था है जो इस समुदाय के विकास, व्यावसायिक अवसरों, शिक्षा और नेटवर्किंग को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। संस्था का मुख्य उद्देश्य देशभर के आरजे और एंकर्स को एक मंच पर लाकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना तथा इस इंडस्ट्री को और अधिक सशक्त बनाना है।






