राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में हरमनप्रीत कौर ने अपने वैक्स स्टैच्यू का किया अनावरण, अब लगेगा नाहरगढ़ के हिस्टोरिका में
दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर, हरमनप्रीत कौर का वैक्स स्टैच्यू का अनावरण
दिव्य राष्ट्र , जयपुर, 13 नवंबर 2026: राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में आज महिला क्रिकेट जगत की सितारा खिलाड़ी और भारत वुमन क्रिकेट की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के वैक्स स्टैच्यू का भव्य अनावरण हरमनप्रीत कौर ने अपने हाथों से किया। जैसे ही पर्दा हटा, पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। यह वैक्स स्टैच्यू अब स्थायी रूप से हिस्टोरिका – स्टेप इनटू हिस्ट्री, नाहरगढ़ फोर्ट (पूर्व में जयपुर वैक्स म्यूजियम) में लगाया जाएगा, जहां पर्यटक इसे देख सकेंगे। हरमनप्रीत कौर दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर हैं, जिनका वैक्स स्टैच्यू बनाया गया है। हिस्टोरिका के फाउंडर अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि म्यूजियम की टीम ने इसके लिए पहले हरमन के पास जाकर उनका विस्तृत माप, फोटो और वीडियो लिए थे, ताकि उनका जीवंत, लाइफ-साइज वैक्स रूप तैयार किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान जयपुर क्रिकेट के नन्हे-मुन्ने और युवा क्रिकेट खिलाड़ियों बल्ला उठाकर गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जिसे देखकर हरमनप्रीत भावुक हो गईं। उन्होंने बच्चों से बात की, उनके साथ फोटो खिंचवाई और उन्हें मेहनत और सपनों पर भरोसा रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में हरमनप्रीत कौर के जीवन पर एक भावनात्मक फिल्म भी दिखाई गई जिसमें मोगा के छोटे से शहर से लेकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी तक, संघर्ष, मेहनत और 2025 में भारत को पहला महिला वनडे विश्व कप जिताने तक की कहानी को दर्शाया गया। हरमनप्रीत ने 2025 में भारतीय टीम को पहला महिला वनडे विश्व कप खिताब दिलाया था। इसी ऐतिहासिक जीत को इस वैक्स स्टैच्यू के माध्यम से हमेशा के लिए अमर किया गया है।
कार्यक्रम में हिस्टोरिका नाम से जुड़े एक विशालकाय सैनिक स्टैच्यू का अनावरण भी किया गया जो हिस्टोरिका की नई पहचान, शौर्य और राजस्थान की वीर परंपरा का प्रतीक है। अनावरण के दौरान यह प्रतिमा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही और मौजूद दर्शकों ने इसे खूब सराहा। यह सैनिक स्टैच्यू अब हिस्टोरिका, नाहरगढ़ फोर्ट में पर्यटकों के देखने के लिए लगाया जाएगा। हिस्टोरिका म्यूजियम में पहले से ही महान क्रिकेटर *सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली* के वैक्स स्टैच्यू लगे हुए हैं। अब हरमनप्रीत कौर के जुड़ने के बाद म्यूजियम में दो विश्व कप विजेता कप्तानों – पुरुष क्रिकेट से एमएस धोनी और महिला क्रिकेट से हरमनप्रीत कौर – के स्टैच्यू एक साथ दिखेंगे। म्यूजियम में इसके अलावा कल्पना चावला, साइना नेहवाल, मदर टेरेसा, राजमाता गायत्री देवी और हाड़ी रानी जैसी प्रेरणादायी महिलाओं के स्टैच्यू पहले से मौजूद हैं।
म्यूजियम के फाउंडर अनूप श्रीवास्तव ने कहा – “हमारा उद्देश्य वैक्स स्टैच्यू के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करना है, खासतौर से लड़कियों को खेल जगत के लिए प्रेरित करना है। हरमनप्रीत कौर का व्यक्तित्व युवा महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।” हिस्टोरिका, पूर्व में जयपुर वैक्स म्यूजियम के नाम से जाना जाता था। अब यह नए नाम ‘हिस्टोरिका – स्टेप इनटू हिस्ट्री’ के साथ नए अवतार में शुरू किया जा रहा है। यह 300 साल पुराने नाहरगढ़ किले में स्थित दुनिया का पहला मल्टी-एक्सपीरियंशियल हिस्ट्री म्यूजियम है जहाँ चार प्रमुख आकर्षण हैं – राम प्रकाश टॉकीज, शीशमहल, द रॉयल दरबार और हॉल ऑफ आइकॉन्स। शीशमहल 25 लाख से अधिक कांच के टुकड़ों से बना है और म्यूजियम में 48 से अधिक प्रमुख हस्तियों के स्टेचू मौजूद हैं।