फिटनेस और फाइनेंशियल अवेयरनेस का अनोखा संगम
मुंबई, दिव्यराष्ट्र:/ मुंबई में रविवार सुबह फिटनेस और फाइनेंशियल जागरूकता का शानदार संगम देखने को मिला, जब ज़ी बिज़नेस बीएसई बुल रन 2026 का छठा संस्करण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह आयोजन बीकेसी स्थथित एमएमआरडीए के आरडी 2 ग्राउंड में हुआ, जिसमें आम नागरिकों, कॉरपोरेट प्रोफेशनल्स, निवेशकों और फिटनेस प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस रन में 5 किमी और 10 किमी फन रन के साथ 10 किमी एलीट रन जैसी अलग अलग कैटेगरी रखी गईं, जिनमें हर उम्र और हर वर्ग के लोगों ने भाग लिया। सुबह की शुरुआत जोश और ऊर्जा से भरी रही। रन से पहले ज़ुम्बा और वॉर्म अप सेशन हुए, वहीं भजन क्लबिंग ज़ी बिज़नेस बीएसई बुल रन 2026 का खास आकर्षण रहा।
इस मौके पर कई जानी मानी हस्तियां भी मौजूद रहीं जिनमें सेबी के एक्ज़ीक्यूटिव डायरेक्टर जी. राम मोहन राव, कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट कंपनी के एमडी नीलेश शाह, एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी के एमडी और सीईओ नवनीत मुनोत, वेलस्पन कॉर्प के एमडी और सीईओ, विपुल माथुर, कवि और टेलीविजन हस्ती शैलेश लोढ़ा और कानून व्यवस्था के पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा शामिल थे। इन सभी ने यहां लोगों को फिट और फाइनेंशियली डिसिप्लिन्ड जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
बीएसई के एमडी और सीईओ सुंदररमन राममूर्ति ने कहा कि बीएसई बुल रन अब एक ऐसे राष्ट्रीय मंच के रूप में विकसित हो चुका है, जो बाजार से जुड़े लोगों और आम नागरिकों को समृद्धि और बेहतर जीवन के साझा लक्ष्य के साथ जोड़ता है। ज़ी बिज़नेस के साथ हमारी साझेदारी वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देने और फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।
ज़ी मीडिया कॉर्पोरेशन के सीईओ रक्तिम दास ने इस रन की तुलना लॉन्ग टर्म निवेश से करते हुए कहा कि “देश में मार्केट से जुड़े लोगों की सबसे पसंदीदा रन ने शानदार वापसी की है, जिसमें फिटनेस, भागीदारी और वैल्यू क्रिएशन की सोच का बेहतरीन संगम देखने को मिला। जैसे लंबी अवधि का निवेश तेज़ी नहीं बल्कि अनुशासन पर चलता है, वैसे ही यह रन भी रफ्तार से ज्यादा निरंतरता और शॉर्टकट की बजाय लगातार प्रयास से समय के साथ मिलने वाले बेहतर परिणाम का संदेश देती है।
ज़ी बिज़नेस के मैनेजिंग एडिटर अनिल सिंघवी ने कहा कि “बुल रन सिर्फ एक स्पोर्ट्स इवेंट नहीं, बल्कि एक संदेश है कि मजबूत शरीर और मजबूत पोर्टफोलियो बनाने के सिद्धांत एक जैसे होते हैं, अनुशासन, निरंतरता और लंबी सोच। ज़ी बिज़नेस में हमारा हमेशा से मानना रहा है कि आर्थिक सशक्तिकरण के साथ अच्छी सेहत भी उतनी ही जरूरी है। जैसे संपत्ति बनाना कोई छोटी दौड़ नहीं बल्कि मैराथन है, वैसे ही फिटनेस के लिए भी लगातार मेहनत, फोकस और समर्पण चाहिए।