कोटा, दिव्यराष्ट्र:/ भारत के अग्रणी ऑन-डिमांड कन्वीनियंस प्लेटफॉर्म स्विगी ने रॉबिन हुड आर्मी के साथ मिलकर ‘विंटर वंडरलैंड’ अभियान आयोजित किया। यह एक दिल को छू लेने वाली सर्दियों की पहल थी, जिसका उद्देश्य भारत भर में जरूरतमंद और कमजोर समुदायों तक गर्माहट, देखभाल और पोषण पहुंचाना था। यह अभियान सर्दियों के चरम समय में सबसे अधिक जरूरतमंद व्यक्तियों और परिवारों को ताजा तैयार भोजन उपलब्ध कराने पर केंद्रित था और इसे भारत के 14 राज्यों के 56 शहरों में चलाया गया। राजस्थान में तापमान गिरने के साथ ही, स्विगी और रॉबिन हुड आर्मी ने बीकानेर, कोटा, कोटपुतली सहित अन्य स्थानों पर खुले स्लम में रहने वाले बच्चों, अनाथालयों के निवासियों, सड़कों पर रहने वाले लोगों और अन्य वंचित समुदायों को पूरी, सब्जी और मिठाई सहित 200 ताजा तैयार भोजन वितरित किए। स्विगी के सहयोग से, रॉबिन हुड आर्मी के स्वयंसेवकों ने एक साथ कई शहरों में भोजन वितरण का आयोजन किया । स्विगी फूड मार्केटप्लेस के चीफ बिजनेस ऑफिसर सिद्धार्थ भाकू ने कहा, “स्विगी में हम हमेशा अपनी पूरे भारत में उपस्थिति, बड़े पैमाने और संसाधनों का उपयोग खुशियां फैलाने के लिए करते आए हैं। रॉबिन हुड आर्मी के साथ मिलकर आयोजित विंटर वंडरलैंड, इस दिशा में एक और कदम था, ताकि कड़ाके की सर्दियों में गर्म और ताज़े भोजन की खुशी उन लोगों तक पहुंचे, जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है।” रॉबिन हुड आर्मी की नेशनल सोशल मीडिया रिप्रेजेंटेटिव वसुंधरा भंडारी ने कहा, “स्विगी के साथ विंटर वंडरलैंड इस बात की याद दिलाता है कि जब संगठन और समुदाय एक साथ आते हैं तो करुणा कई गुना बढ़ जाती है। इस पहल के माध्यम से शहरों में हजारों बच्चों और कमजोर लोगों को सिर्फ भोजन ही नहीं, बल्कि गर्माहट, देखभाल और साथ होने का एहसास भी मिला।”