2029 तक 1.3 करोड़ से अधिक बच्चों को एआई-आधारित सीखने के अवसर देने का लक्ष्य
गेट्स फाउंडेशन सह-एंकर, सेंट्रल स्क्वायर फाउंडेशन मैनेजिंग पार्टनर
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र:/ रिलायंस फाउंडेशन की अगुवाई में 170 करोड़ रुपये की बहु-साझेदार शिक्षा पहल ‘शिक्षा नेक्स्ट’ की शुरुआत की गई है। तीन वर्षीय इस पहल का उद्देश्य 2029 तक देशभर में 1.3 करोड़ से अधिक बच्चों, विशेषकर वंचित समुदायों के विद्यार्थियों, को तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई ) आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षण अवसर उपलब्ध कराना है।
इस पहल का शुभारंभ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की उपस्थिति में नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान किया गया।
शिक्षा नेक्स्ट में रिलायंस फाउंडेशन संस्थापक रणनीतिक साझेदार की भूमिका निभा रहा है। इसके साथ गेट्स फाउंडेशन सह-एंकर पार्टनर है, जबकि सेंट्रल स्क्वायर फाउंडेशन मैनेजिंग पार्टनर के रूप में कार्यक्रम के क्रियान्वयन का समन्वय करेगा। इसके अतिरिक्त माइकल एंड सुसान डेल फाउंडेशन भी इस पहल को वित्तीय सहयोग दे रहा है।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में शिक्षा में एआई और तकनीक की भूमिका अहम होगी। उन्होंने इसे सरकार, समाज और संस्थाओं के सामूहिक प्रयास का उदाहरण बताया और एडटेक को “सबका एडटेक” बनाने पर जोर दिया।
रिलायंस फाउंडेशन की ओर से कहा गया कि संस्था का दृष्टिकोण है कि देश का हर बच्चा अपनी क्षमता को साकार करने का अवसर पाए। पिछले दशक में डिजिटल कनेक्टिविटी और 5जी के विस्तार ने शिक्षा को देश के दूरदराज इलाकों तक पहुंचाने की नई संभावनाएं पैदा की हैं।
यह पहल तीन प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए लागू की जाएगी। एड टेक स्केलक्स के तहत प्रमाणित एडटेक और एआई समाधानों को राज्य शिक्षा प्रणालियों से जोड़ा जाएगा। EdTech Accelerator उच्च गुणवत्ता वाले समाधानों के विकास और विस्तार को समर्थन देगा। वहीं एडटेक एंड एआई इनोवेशन हब भारतीय भाषाओं और विविध शिक्षण संदर्भों को ध्यान में रखते हुए नवाचारों का परीक्षण और सत्यापन करेगा।